देवघर। जिले के पालाजोरी थाना में एक युवक की कथित पुलिस हिरासत में मौत के बाद गुरुवार को हालात बेकाबू हो गए। जैसे ही खबर फैली, सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण थाना के पास जुट गए और आक्रोशित भीड़ ने पथराव कर थाना परिसर में तोड़फोड़ कर दी। थाना के बोर्ड को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस ने स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए भीड़ को खदेड़ा और आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। मृतक की पहचान मेराज अंसारी 35 वर्ष, पिता स्व. सुबेद मियां, निवासी दुधानी गांव, थाना पालाजोरी के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मेराज को बुधवार को साइबर आरोपी बताकर पुलिस जबरन घर से उठाकर लाई थी। वही गुरुवार सुबह उसकी मौत की खबर मिलते ही इलाके में उग्र विरोध शुरू हो गया। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हिरासत में बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हुई। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है। मृतक का शव देवघर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना को लेकर देवघर जिले के पुलिस प्रवक्ता सह यातायात डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने परिजनों के आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व सांसद फुरकान अंसारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि साइबर अपराध के नाम पर पुलिस जैसी कार्रवाई कर रही है, वह निंदनीय है। प्रशासन को चाहिए कि निर्दोष लोग ऐसी कार्रवाई का शिकार न हों। स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी लगातार तनावग्रस्त माहौल को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं, हालांकि अभी भी इलाके में तनाव बना हुआ है।






