कप्तानी दिंसारा, उपकप्तानी गमागे को मिली
कोलंबो । श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने इस साल 15 जनवरी से शुरू होने वाले आईसीसी अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। टीम की कप्तानी विमथ दिंसारा को सौंपी गयी है जबकि कविजा गमागे उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे ।
टीम में विरान चामुदिथा, गमागे और चमिका हींटिगला को ऑलराउंडर के तौर पर रखा गया है। विश्वकप में श्रीलंकाई टीम को ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड और जापान के साथ रखा गया है। श्रीलंकाई टीम अपना पहला मुकाबला 17 जनवरी को जापान से खेलेगी। विश्वकप जिम्बाब्वे और नामीबिया में 15 जनवरी से 6 फरवरी तक खेला जाएगा।
इसमें 16 टीमें भाग लेंगी। तंजानिया की टीम इसमें पहली बार खेलेगी। टूर्नामेंट का प्रारुप पिछले टूर्नामेंट जैसा ही होगा, जिसमें पहले चरण में 16 टीमों को 4-4 के ग्रुप में रखा गया है। आईसीसी के अनुसार 23 दिनों में कुल 41 मैच खेले जाएंगे।
अंडर-19 विश्व कप के लिए श्रीलंका टीम :
विमथ दिनसारा (कप्तान), कविजा गामागे, दिमंथा महाविथाना, वीरन चामुदिथा, डुलनिथ सिगेरा, चमिका हेंतिगाला, एडम हिल्मी, चमारिंडु नेथसारा, सेठमिका सेनेविरत्ने, कुगथास मथुलन, रासिथ निमसारा, विग्नेश्वरन आकाश, जीवनंता श्रीराम, सेनुजा वेकुनागोडा, मालिन्था सिल्वा।


