●15 दिसंबर 2023 को कैबिनेट की बैठक में दुमका शहर के ठोस कचरा प्रबंधन के लिए स्वीकृत की गई थी 172 करोड़ 76 लाख 76 हजार की योजना
सुमन सिंह

दुमका । दुमका शहर के कचरों के सुरक्षित निपटान के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट(SWM) का निर्णय लेते हुए झारखंड सरकार की कैबिनेट ने 172 करोड़ 76 लाख 76 हजार रुपये की परियोजना को स्वीकृत किया था।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड कैबिनेट की 15 दिसम्बर 2023 को हुई बैठक में तीन जिलों के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की योजना को स्वीकृति दी गई थी जिसमें दुमका भी शामिल था।कैबिनेट से योजना की स्वीकृति के करीब डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी ठोस कचरा प्रबंधन की यह योजना धरातल पर नहीं उतरी।आज भी दुमका शहर का सारा कचरा शहर के बख्शीबांध रोड स्थित मैलगढ़ा में डंप किया जा रहा है।दशकों से इस स्थान पर पूरे शहर का कचरा डंप होने से यहां बीच शहर में कूड़ा का पहाड़ बन गया है।आसपास घनी आबादी के साथ ही शहर का दो प्रमुख स्कूल और उर्सला नर्सिंग होम है।कूड़ा के पहाड़ से पूरे साल यहां प्रदूषण फैलता है।स्थानीय लोग वर्षों से यहां कचरा डंप करने का विरोध कर रहे हैं पर न सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट का आगे बढ़ रहा है और न ही मैलगढ़ा में कचरा डंपिंग बंद हो रहा है।लोग भारी प्रदूषण से त्रस्त हैं और इस बरसात में कचरा के दुर्गंध से त्राहि त्राहि कर रहे हैं।कोई सुनने वाला नहीं है।
————————————————————
रांची की त्रयम्बकम वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड को मिला है काम
दुमका नगर परिषद के कचरों के निपटान के लिये जिस सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट(SWM) की मंजूरी झारखंड कैबिनेट से मिली है,वह काम रांची की एक कम्पनी त्रयम्बकम वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड को मिला है।यह कम्पनी न सिर्फ ठोस कचरा प्रबंधन की प्लांट स्थापित करेगी अगले 20 वर्षों तक शहर से कचरा उठाव,परिवहन और उसके रिसाइक्लिंग का काम भी करेगी।कैबिनेट से योजना की मंजूरी मिलने के डेढ़ साल बीत जाने के बाद अब तक प्लांट की स्थापना का काम भी शुरू नहीं हुआ है।जबकि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए दुमका शहर से करीब 8 किमी की दूरी पर नगर परिषद ने 11.14 एकड़ जमीन भी उपलब्ध करा रखा है।
————————————————————
नप प्रशासक एस. खालको को बात करने की फुर्सत नहीं
झारखंड सरकार से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की योजना स्वीकृत होने के डेढ़ साल बाद भी योजना के धरातल पर नहीं दिख रहा है पर नगर परिषद का कोई अधिकारी कुछ बताने को तैयार नहीं है।मैलगढ़ा में कचरा डंपिंग से लोगों को हो रही समस्याओं पर संताल एक्सप्रेस संवाददाता ने दुमका नगर परिषद के प्रशासक एस खालको से बात करने का प्रयास किया तो बताया गया कि प्रशासक इतने व्यस्त हैं कि पत्रकार से बात करने की फुर्सत नहीं है।बता दें कि नगर निकाय का चुनाव लंबित रहने के कारण प्रशासक ही नगर परिषद के सभी कार्यों को देख रहे हैं।



