●सभी बाधाओं को दूर करते हुए एसकेएमयू को अग्रणी विश्वविद्यालय बनाया जाएगा
–
●बीएड कोर्स की मान्यता की शर्तें पूरी की जाएगी, लॉ कॉलेज की तकनीकी बाधा दूर की जाएगी
–
●सत्र को नियमित किया जाएगा,शोध को दिया जाएगा बढ़ावा
—
●परीक्षाओं में कदाचार पर होगी सख्ती, औचक जांच के लिए उड़नदस्ता टीमों का होगा गठन
–
●आदिवासी संस्कृति समृद्ध है।जनजातीय शोध को बढ़ावा दिया जाएगा।
–
●विलुप्त हो रही वन औषधि व जड़ी-बूटी पर रिसर्च के लिए समाज के वैद्य बिरादरी से ली जाएगी मदद
–
●शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के लिए प्रयास किया जाएगा
–
●संताली के साथ अन्य क्षेत्रीय भाषाओं से विश्वविद्यालय में होगी पढ़ाई
एस.के झा.’सुमन’

प्रश्न : एसकेएमयू के कुलपति के रूप में आप संताल परगना में उच्च शिक्षा के विकास को कितना चुनौतीपूर्ण मानती हैं।
उत्तर : चुनौतीपूर्ण तो है।उच्चतर शिक्षा के क्षेत्र में कई तरह की चुनौतियां सामने आ रही हैं। इन
सभी बाधाओं को दूर करते हुए यह विश्वविद्यालय अग्रणी विश्वविद्यालय बने ऐसा मेरा प्रयास रहेगा।
–
प्रश्न : आप विनोबा भावे यूनिवर्सिटी हजारीबाग में प्रतिकुलपति रह चुकी हैं।रांची यूनिवर्सिटी में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुकी हैं। आपके अनुभव का इस यूनिवर्सिटी को कितना लाभ मिलेगा ।
उत्तर : अपने अनुभव के आधार पर मेरा प्रयास रहेगा यह विश्वविद्यालय राज्य में सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय बने।
–
प्रश्न : एसकेएमयू को राज्य और देश के दूसरे बड़े विश्वविद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए आपका क्या विजन होगा।
उत्तर : मेरा दृष्टिकोण स्पष्ट है।इस क्षेत्र के जनजातियों को आगे लाना है और उनकी शिक्षा को बढ़ावा देना है । विश्वविद्यालय में ग्रास एनरोलमेंट रेशियो (सकल नामांकन अनुपात) को बढ़ाना है। बच्चे ड्रॉप आउट नहीं रहे ऐसी व्यवस्था करनी है। तकनीकी कॉलेज को खोले जाएंगे। शैक्षिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए रिफ्रेशर कोर्स कराया जाएगा। कार्यशाला, सेमिनार आयोजित कर शिक्षकों को अपडेट किया जाएगा। मेरा प्रयास रहेगा कि सिद्धू कानू मुर्मू विश्वविद्यालय वाइब्रेंट विश्वविद्यालय बने।एनईपी 2020 की सभी योजनाओं को लागू किया जाएगा। इसकी सारी सुविधाओं जैसे मल्टीपल एग्जिट और एंट्री जैसी सुविधाओं को भी विश्वविद्यालय में लागू कर छात्रों की सुविधाओं को बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
–
प्रश्न : दो साल से इस यूनिवर्सिटी में कुलपति का पद रिक्त रहने से प्रभारी कुलपति के भरोसे काम चल रहा था।अब आपने स्थायी/नियमित वीसी के रूप में योगदान किया है। काम-काज पर क्या बदलाव की उम्मीद की जा सकती है।
उत्तर : यह इलाका संताल बहुल क्षेत्र है। ग्रामीण क्षेत्र से छात्र आते हैं। प्रयास रहेगा उन्हें अच्छी शिक्षा मिले और यहां की कला संस्कृति को बढ़ावा मिले। खेलकूद को बढ़ावा देकर यहां के छात्र राज्य, राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी बनें ।
—
प्रश्न : अभी इस विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार,एफओ सहित कई पद रिक्त है। प्रभार के भरोसे चल रहा है। एक ही पदाधिकारी कई पदों पर हैं। इससे काम पर कितना असर पड़ रहा है। इन पदों पर स्थायी नियुक्तियों के लिए आपके स्तर से क्या पहल की जाएगी।
उत्तर : लंबे समय से रिक्त पदों को भरने और स्थाई नियुक्ति के लिए जेपीएससी से आग्रह किया जाएगा।इन रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्तियों से कार्य सुचारू रूप से संचालित होने लगेगा।
–
प्रश्न : पीजी विभागों और कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।
उत्तर : सत्र को नियमित करने का प्रयास रहेगा। परीक्षा और परीक्षाफल सही समय पर निकाला जाएगा। वोकेशनल कोर्स को बढ़ावा दिया जाएगा । साथ ही संताली के साथ साथ अन्य क्षेत्रीय भाषाओं से संबंधित कोर्स की पढ़ाई विश्वविद्यालय में संचालित किए जाएंगे। रिसर्च को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
—
प्रश्न :एसकेएमयू में नई शिक्षा नीति को लागू करने के लिए आपके पास क्या योजना है।
उत्तर : नई शिक्षा नीति लागू करना बाध्यकारी है । इसे विश्वविद्यालय में हर हाल में लागू किया जाएगा। एनईपी 2020 की सभी योजनाओं का लाभ छात्रों को और शिक्षकों को मिले यह सुनिश्चित किया जाएगा ।
—
प्रश्न : इस विश्वविद्यालय में तकनीकी और प्रोफेशनल कोर्स की कमी है। लॉ कॉलेज बंद हो चुका है। कई कॉलेजों में बीएड कोर्स की मान्यता समाप्त हो गई है। कई कॉलेजों में मान्यता समाप्त होने वाली है। बीएड की मान्यता बचाने और नए कोर्स के संचालन के लिए क्या कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर : बी.एड कॉलेज के वैलिडिटी की कमी को पूरा किया जाएगा । शिक्षकों के 15 + 1 की शर्तों को लागू कर कॉलेज को संचालित किया जाएगा। सभी शर्तों को पूरा कर लॉ कॉलेज के हर तकनीकी बाधा को दूर किया जाएगा। वोकेशनल कोर्स को बढ़ावा देकर नए विषयों की पढ़ाई होगी।
–
प्रश्न :एसकेएमयू को नैक एक्रेडिटेशन के सेकेंड साइकिल के लिये किस तरह के प्रयास किए जाएंगे। कई कॉलेजों के भी नैक एक्रेडिटेशन का सेकेंड साइकिल नहीं हुआ है।
उत्तर : नियमानुसार सभी शर्तों को पूरा कर नैक एक्रेडिटेशन के सेकेंड साइकिल को पूरा किया जाएगा।
–
प्रश्न : इस यूनिवर्सिटी में शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए क्या कार्य किए जाएंगे।
उत्तर : इसके लिए सभी फैकल्टी को शोध कार्य कराना अनिवार्य होगा । हर योग्य शिक्षक रिसर्च करायें, यह सुनिश्चित किया जाएगा। शोध को मल्टी डिसीप्लिनरी बनाया जाएगा।
–
प्रश्न : एसकेएमयू में जनजातीय विषयों पर रिसर्च के लिए क्या पहल होगी।
उत्तर : जनजातीय शोध को बढ़ावा दिया जाएगा। आदिवासी संस्कृति समृद्ध है। इसको आगे बढ़ाने के लिए शोध के साथ-साथ वन औषधि पौधे तथा समाज के वैद्य बिरादरी से संपर्क कर रिसर्च कराया जाएगा। जिससे समाज को फायदा मिले। विलुप्त हो रही वन औषधियों तथा जड़ी बूटियां पर पर शोध कर समाज को फायदा दिलाने का काम किया जाएगा।
–
प्रश्न :क्या एसकेएमयू की यूजी परीक्षाओं में होम सेंटर वाले केंद्रों पर औचक जांच के लिए उड़नदस्ता टीमों का गठन होगा। परीक्षाओं में कदाचार को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उत्तर : कदाचार रोकने के लिए सख्ती की जाएगी।औचक जांच के लिए उड़नदस्ता टीम बनाई जाएगी।हर हाल में कदाचार को रोका जाएगा । कादाचार में पकड़े जाने वाले छात्रों पर स्ट्रिक्ट एक्शन लिया जाएगा ।
–
प्रश्न :एसकेएमयू में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के कार्य लगभग ठप्प है। कई भवन अधूरे पड़े हुए हैं। इसे चालू कराने के लिए क्या कार्रवाई होगी।
उत्तर : सरकार से संपर्क कर रुके कार्यों को पूरा करने का प्रयास करूंगी।
–
प्रश्न :इस यूनिवर्सिटी में खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां लगभग ठप है। खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।
उत्तर : विशेषज्ञ खेल प्रशिक्षक बहाल किए जाएंगे और कला संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अलग से विभाग गठित किए जाएंगे।
–
प्रश्न :एनसीसी और एनएसएस की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए क्या कार्य किए जाएंगे।
उत्तर : एनसीसी और एनएसएस के सभी स्कीम को लागू किया जाएगा जिससे समाज और राष्ट्र को लाभ मिल सके।
–
प्रश्न :शिक्षकेत्तर कर्मचारियो को सातवें वेतनमान के अनुसार वेतन निर्धारण की समस्या के समाधान की नए सिरे से पहल होगी। इस मांग को।लेकर कर्मचारी संघ 77 दिनों को लंबी हड़ताल कर चुके हैं।
उत्तर : शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सातवें वेतनमान क्यों नहीं मिल पाया है, इसका अध्ययन किया जाएगा।यह प्रयास किया जाएगा कि उन्हें वेतनमान मिले । पूर्व में गठित कमेटी को एक्टिव किया जाएगा।
–
प्रश्न : छात्र-छात्राओं को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए विश्वविद्यालय मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है।उनकी समस्या दूर कैसे होगी।
उत्तर : इसके लिए शिकायत सेल का अलग से गठन कर छात्रों की शिकायत को दूर किया जाएगा।
–
प्रश्न : 383 सृजित पदों के विरुद्ध आज सिर्फ 55 तृतीय वर्गीय कर्मचारी ही कार्यरत हैं। विलंब होना स्वाभाविक है। समय पर कार्यों का निष्पादन हो, इस संबंध आप क्या कार्रवाई करेंगी
उत्तर : नियमानुसार शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की बहाली के लिए सरकार से अनुरोध किया जाएगा।
–
प्रश्न : नव स्थापित 14 डिग्री कॉलेज, महिला कॉलेजों एवं मॉडल कॉलेजों में एक भी शिक्षकेतर कर्मचारी नहीं हैं। कैसे कार्यों का निष्पादन होगा?
उत्तर : जिन कॉलेजों में शिक्षकेत्तर कर्मचारी की संख्या अधिक है वहां से वैसे कॉलेज में जहां कर्मचारी नहीं है उनका स्थानांतरण कर भेजा जाएगा।
–
प्रश्न : अंगीभूत महाविद्यालयों में चल रहे बीएड की मान्यता समाप्त हो गई है। कब तक मान्यता पुनर्बहाल होने की संभावना है?
उत्तर : बीएड कॉलेज के मान्यता की पुनर्बहाली जल्द हो ऐसा सुनिश्चित किया जाएगा।
–
प्रश्न : छात्र संघ का चुनाव वर्षों से लंबित है।छात्रों में काफी नाराजगी है। इस बिंदु पर क्या विचार किया जा रहा है।
उत्तर : यह दु:खद है । छात्र संघ का चुनाव जल्द हो यह सुनिश्चित किया जाएगा।





