10 जनवरी 1992 को भागलपुर विवि से अलग कर दुमका में बनाया गया था विश्वविद्यालय
अमर शहीद सिदो और कान्हु मुर्मू के नाम पर स्थापित विवि के प्रथम कुलपति डॉ.अमर कुमार सिंह थे
सुमन सिंह
दुमका।17 नवंबर को एसकेएमयू अपना 9 वां दीक्षांत समारोह मना रहा है।उच्च शिक्षा के विकास के लिए संताल परगना में स्थापित यह एक मात्र सरकारी विश्वविद्यालय है। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की स्थापना 33 साल पहले अविभाजित बिहार के जमाने में 10 जनवरी 1992 को हुई थी।तब बिहार में लालू प्रसाद यादव मुख्यमंत्री थे।लालू सरकार को झामुमो ने समर्थन दे रखा था।शिबू सोरेन,सूरज मंडल और प्रो.स्टीफन मरांडी की लालू सरकार में चलती थी।यहां तक के दक्षिण बिहार(आज के झारखंड) के जिलों में अफसरों का ट्रांसफर पोस्टिंग तक में झामुमो नेताओं से राय ली जाती थी।झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के नेतृत्व में झारखंड अलग राज्य का आंदोलन चरम पर था।उस दौर में दिल्ली से पटना तक की सरकार झारखंड अलग राज्य के पक्ष में बिल्कुल नहीं थी।सरकार का स्पष्ट मत था कि झारखंड अलग राज्य को छोड़ कर झामुमो की हर जायज मांगें मानी जायेगी।संताल परगना हर क्षेत्र में पिछड़ा था।यहां उच्च शिक्षा के विकास के लिए विश्वविद्यालय की स्थापना की झामुमो की पुरानी मांग थी।लालू सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे झामुमो के दबाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने दुमका में विश्वविद्यालय की स्थापना का निर्णय लिया था।सरकार ने इस पिछड़े क्षेत्र में आदिवासी और अन्य समुदायों के बीच उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के मकसद से भागलपुर विश्वविद्यालय से अलग कर सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की स्थापना की।
सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की स्थापना 10 जनवरी 1992 को बिहार विधानसभा के एक अधिनियम (बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम 1976 में संशोधन) के माध्यम से की गई थी। यह भागलपुर विश्वविद्यालय (वर्तमान में तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय) से अलग होकर बनाया गया था, ताकि संथाल परगना क्षेत्र के उच्च शिक्षा की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।विश्वविद्यालय का नाम सिदो कान्हु विश्वविद्यालय रखा गया।
15 नवंबर 2000 को झारखंड राज्य के गठन के बाद विश्वविद्यालय का नाम 6 मई 2003 को झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 2000 की धारा 3(1) में संशोधन के माध्यम से सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय कर दिया गया। यह विश्वविद्यालय संथाल विद्रोह (1855-56) के अमर नायकों सिदो मुर्मू और कान्हू मुर्मू के सम्मान में उनके नाम पर बनाया गया है। 6 मई 1993 को यह विश्वविद्यालय भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) से संबद्ध हो गया। यूजीसी से 30 मई 1995 को धारा 2(एफ) के तहत मान्यता मिली, और 8 अगस्त 2007 को धारा 12(बी) के तहत वित्तीय सहायता के लिए शामिल किया गया।डॉ.अमर कुमार सिंह एसकेएमयू के प्रथम कुलपति बनाए गए थे। संथाल परगना के छह जिलों – देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज के सरकारी और सम्बद्ध कॉलेज इस विश्वविद्यालय के अधीन है।विश्वविद्यालय का मुख्य कैंपस दुमका के दिग्घी में 109 एकड़ भूमि पर फैला है।विश्वविद्यालय की जमीन पर ही वर्ष 2019 में फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की स्थापना की गई।इस मेडिकल कॉलेज का 500 बेड का अस्पताल बन कर तैयार है।
—————————————————————————————————————————-

पत्रकारिता की नहीं होती पढ़ाई,लॉ कॉलेज बंद हो गया
दुमका । शुरूआती वर्षों में सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में मुख्य रूप से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई होती थी। बाद में तकनीकी और व्यावसायिक कोर्स की भी पढ़ाई होने लगी।
सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका की स्थापना के 33 वर्ष गुजरने के बाद भी यहां के छात्र-छात्राओं को कई तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा से वंचित रहना पड़ रहा है।दुमका और देवघर में लॉ की पढ़ाई शुरू हुई पर बंद हो गई।पत्रकारिता और मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई शुरू करने की कई बार घोषणा हुई पर आज तक शुरू नहीं हो सकी।विश्वविद्यालय में 5 अंगीभूत कॉलेजों में बीएड की पढ़ाई हो रही रही है पर एनसीटीई के कई मापदंडों को पूरा नहीं करने के कारण कुछ कॉलेजों की बीएड मान्यता जारी रहने पर संकट मंडराते रहता है।कई कॉलेजों को एनसीटीई को समय-समय पर एनसीटीई का नोटिस आ चुका है।इसे लेकर कई छात्र संगठन आंदोलन कर चुके हैं।
—————————————————————————————————————————-
एसकेएमयू के विकास के प्रमुख वर्ष
●1992: सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की स्थापना
●1993: विश्वविद्यालय को एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज की मान्यता मिली
●2003: विश्वविद्यालय का नाम सिदो कान्हू विवि के नाम मे मुर्मू जोड़ा गया
●2007: विश्वविद्यालय को यूजीसी द्वारा 12(बी) के तहत मान्यता मिली
●2018: विश्वविद्यालय को नैक द्वारा सी ग्रेड की मान्यता मिली
—————————————————————————————————————————
एसकेएमयू के अब तक के कुलपति
1.डॉ. अमर कुमार सिंह: (2 फरवरी 1992 – 2 फरवरी 1995)
2.श्री एस. एन. दुबे (आईएएस)(प्रभारी वीसी): (3 फरवरी 1995 – 30 जून 1995)
3.श्री यू. के. नंदा (आईएएस)(प्रभारी वीसी): (1 जुलाई 1995 – 6 अक्टूबर 1997)
4.श्री के. के. पांडे (आईएएस)(प्रभारी वीसी): (7 अक्टूबर 1997 – 16 जून 1998)
5.श्री राजेश गुप्ता (आईएएस)(प्रभारी वीसी): (17 जून 1998 – 22 जून 1998)
6.डॉ. उदय प्रताप सिंह: (23 जून 1998 – 25 जून 2001)
7.डॉ. (श्रीमती) इंदु धान: (27 जून 2001 – 27 जून 2004)
8.डॉ. पी. सी. हेम्ब्रम: (28 जून 2004 – 28 जून 2007)
9.डॉ. विक्टर टिग्गा: (29 जून 2007 – 28 जून 2010)
10.प्रो. एम. बशीर ए. खान (14 जुलाई 2010 – 13 जुलाई 2013)
11.प्रो. (डॉ.) राम यतन प्रसाद(प्रभारी वीसी):(13 जुलाई 2013 – 9 मई 2014)
12.प्रो. कमर अहसन: (10 मई 2014 – 22 मार्च 2017)
13.प्रो. एम. पी. सिन्हा: (10 मई 2017 – 28 मई 2020)
14.प्रो. (डॉ.) सोना झरिया मिंज: (9 जून 2020 – 8 जून 2023)
15.प्रो. (डॉ.) बिमल प्रसाद सिंह(प्रभारी वीसी): (9 जून 2023 – 7 मई 2025)
16.प्रो. (डॉ.) कुनुल कंदीर: (8 मई 2025 – वर्तमान तक)



