नई दिल्ली । दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और निर्देशक धनुष के राजनीति में आने की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। हाल ही में आयोजित एक ब्लड डोनेशन कैंप में उन्होंने अपने प्रशंसकों से समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके संभावित राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
रविवार को धनुष के प्रशंसकों की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में अभिनेता ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का एक मंच पर एकत्र होना अपने आप में बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि इस एकजुटता को केवल फिल्मी आयोजनों, ऑडियो लॉन्च या फैन मीट तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए। अपने संबोधन में धनुष ने प्रशंसकों से अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर हर संभव मदद करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि उनके प्रशंसक समाज के लिए सकारात्मक कार्य करेंगे तो उन्हें उन पर और अधिक गर्व होगा। अभिनेता के इस संदेश का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई यूजर्स ने अनुमान लगाया कि अभिनेता थलपति विजय की तरह धनुष भी भविष्य में राजनीति का रुख कर सकते हैं। कुछ लोगों ने लिखा कि तमिलनाडु की राजनीति में एक नई और सशक्त आवाज की जरूरत है, जबकि कुछ ने यहां तक कयास लगाए कि धनुष जल्द अपनी राजनीतिक पार्टी की घोषणा कर सकते हैं।
हालांकि, धनुष ने अपने संबोधन में कहीं भी राजनीति में प्रवेश या किसी राजनीतिक दल के गठन का ऐलान नहीं किया। उनकी ओर से केवल समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। ऐसे में उनके राजनीति में आने की चर्चाएं फिलहाल केवल अटकलों तक ही सीमित हैं। वैसे भी तमिलनाडु में फिल्मी सितारों के राजनीति में आने की लंबी परंपरा रही है। हाल के वर्षों में अभिनेता थलपति विजय के राजनीतिक सफर की शुरुआत के बाद अब धनुष को लेकर भी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि, उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर स्थिति तभी स्पष्ट होगी जब वह स्वयं इस संबंध में कोई औपचारिक घोषणा करेंगे।


