फुट ओवर ब्रिज और बैरिकेडिंग से प्रभावित हो रहा व्यवसाय, झामुमो नेता सूरज झा ने प्रशासन से की हस्तक्षेप की मांग”
देवघर संताल एक्सप्रेस:-झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यालय में बाबा मंदिर खुदरा दुकानदार संघ के प्रतिनिधियों ने सूरज झा से मुलाकात कर श्रावणी मेला के मद्देनज़र जिला प्रशासन द्वारा की जा रही बैरिकेडिंग को लेकर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त की। दुकानदारों का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा की गई बैरिकेडिंग से व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का आरोप है कि पहले जिला प्रशासन ने रोड पर अतिक्रमण करते हुए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया, और अब उसी के बाद अतिरिक्त बैरिकेडिंग कर दी गई है, जिसकी कोई स्पष्ट आवश्यकता नहीं दिखती। इसके अतिरिक्त शिवराम झा चौक से चिल्ड्रन पार्क तक भी सड़क के अतिक्रमण का मामला उठाया गया, जिसे दुकानदारों ने अवैध करार दिया है। इस संबंध में सूरज झा ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि श्रावणी मेला के नाम पर छोटे और गरीब दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और प्रशासन को सभी के हितों का सम्मान करते हुए संतुलित निर्णय लेना चाहिए।






