लखनऊ । लखनऊ में शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस जांच में रोज सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। पुलिस हिरासत में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर से की गई गहन पूछताछ में यह बात सामने आई है कि श्रद्धा मृतक शिवा को लंबे समय से गंभीर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। पुलिस जांच में पता चला है कि हत्याकांड वाले दिन भी श्रद्धा ने अपने ड्रायवर और बहन के सामने शिवा के कपड़े उतरवाकर डंडे के बल पर उसे नाचने के लिए मजबूर किया था और उसके शरीर पर लिपस्टिक पोत दी थी। वारदात के बाद जब पुलिस को शिवा का शव मिला तो वह केवल अंडरवियर में था और उसके शरीर पर लिपस्टिक के निशान मिले थे, जिसकी गुत्थी अब पुलिस की पूछताछ में सुलझ गई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पूछताछ में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने स्वीकार किया कि उसने शिवा को पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले रखा था। वह अक्सर उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करती थी और अपने इशारों पर नचाती थी। वह न केवल शिवा से अपने पैर दबवाती थी बल्कि उसकी हर गतिविधि पर सख्त पहरा रखती थी। यदि शिवा किसी काम से बाहर जाता तो श्रद्धा उसे डरा-धमकाकर वापस बुला लेती थी। पुलिस अधिकारियों ने तीनों आरोपियों से अलग-अलग और आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की ताकि बयान के विरोधाभास को पकड़ा जा सके।
रिपोर्ट के मुताबिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि रायबरेली की मूल निवासी श्रद्धा दुबे की पहली शादी प्रिंस दुबे नामक व्यक्ति से हुई थी। पति से विवाद के बाद वह लखनऊ आ गई और बालू अड्डा चौराहे के पास एक किराए का फ्लैट लेकर रहने लगी। इसके बाद उसने मॉडलिंग और हाई-प्रोफाइल पार्टियों में आना-जाना शुरू किया। श्रद्धा अक्सर लखनऊ के एक हुक्का कैफे में जाया करती थी जहां वह अमीर लड़कों को अपने जाल में फंसाने का काम करती थी। शिवा शर्मा से भी उसकी पहली मुलाकात इसी हुक्का कैफे में हुई थी, जिसके बाद उसने शिवा को अपने प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहना शुरू कर दिया था। श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद से उक्त कैफे का संचालक फरार है जिसकी तलाश जारी है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन श्रद्धा और उसके सहयोगियों की संपत्तियों और बैंक खातों की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।


