नई दिल्ली । उच्चतम न्यायालय समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आजम खान की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई को तैयार हो गया है। सोमवार को आजम खान की ओर से पेश वकील निजाम पाशा ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष याचिका मेंशन करते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की। न्यायालय ने तत्काल सुनवाई करने से इनकार करते हुए इसी हफ्ते सुनवाई करने का आदेश दिया।
मेंशनिंग के दौरान शुरुआत में न्यायालय ने निजाम पाशा को उच्च न्यायालय जाने को कहा। हालांकि, बाद में मामले को इसी सप्ताह किसी समय लिस्ट करने का आश्वासन दिया।
आजम खान को ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के नये मामले में गिरफ्तार किया है। आजम खान की याचिका में इसी गिरफ्तारी को चुनौती दी गई है। निजाम पाशा ने न्यायालय को बताया कि 29 अक्टूबर को दो पैन कार्ड के मामले में जेल से रिहा होने के 40 मिनट बाद ही आजम खान को गिरफ्तार कर लिया गया था। याचिका में एक नवंबर के ट्रायल कोर्ट के उस आदेश को भी रद्द करने की मांग की गई है, जिसके तहत उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। याचिका में आजम खान को फिलहाल हिरासत से रिहा किए जाने की भी अपील की गई है।


