होटल का 1.90 लाख रुपये बकाया, लाइट बंद होने से क्राउन सेरेमनी रुकी
जमशेदपुर । फैशन इंडस्ट्री में करियर बनाने और बड़े ब्रांडों के साथ काम करने का सपना लेकर पहुंचे बच्चों को एक इवेंट में निराशा हाथ लगी। सना डिजाइनर की ओर से आयोजित फैशन शो में प्रतिभागियों से 3-3 हजार रुपये वसूले गए, लेकिन होटल का बकाया भुगतान नहीं होने के कारण कार्यक्रम बीच में ही बंद करना पड़ा।
रविवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-33 स्थित वेव इंटरनेशनल होटल में ‘डिवा एंड डिवो एनवे सीजन-3’ का आयोजन किया गया था। इसमें बच्चों को ब्रांड एंबेसडर चयन, पेड फोटोशूट, प्रोफेशनल मेकअप और डिजाइनर आउटफिट में रैंप वॉक का अवसर देने का वादा किया गया था। सभी प्रतिभागियों को सैश और टॉप-3 को क्राउन व ट्रॉफी देने की बात भी कही गई थी। आयोजन समिति ने दो महीने पहले होटल की बुकिंग कराई थी। भोजन और रैंप वॉक की व्यवस्था के लिए 1.90 लाख रुपये में समझौता हुआ था, लेकिन कार्यक्रम शुरू होने तक आधी राशि भी जमा नहीं की गई। बकाया भुगतान नहीं होने पर होटल प्रबंधन ने कार्यक्रम के दौरान लाइट बंद करवा दी। इससे क्राउन सेरेमनी समेत कई आयोजन बीच में ही रोकने पड़े।
होटल प्रबंधन की शिकायत पर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और आयोजन समिति के प्रमुख फैजान से देर रात तक पूछताछ की। कार्यक्रम में जमशेदपुर और रांची से पहुंचे युवक-युवतियों ने नाराजगी जताई।
फैजान का कहना है कि इससे पहले उनके दो कार्यक्रम सफल रहे थे। हालांकि, प्रशासनिक अनुमति लेने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इस आयोजन में बच्चों को भविष्य में पेड वर्क, फैशन इंडस्ट्री में पहचान और मुंबई में करियर बनाने के सपने दिखाए गए थे। युवाओं और अभिभावकों से अपील की जा रही है कि ऐसे आयोजनों में शामिल होने से पहले आयोजकों की विश्वसनीयता और पुराने कार्यक्रमों की जानकारी जरूर जांच लें।


