जामताड़ा । मिहिजाम थाना क्षेत्र के जीतपुर जंगल में शनिवार को ग्रामीणों ने एक युवक और एक युवती का शव एक साथ देखा। घटना की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया। फिर इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृत युवक की पहचान बोदमा गांव निवासी सागेन हेंब्रम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पहले से शादीशुदा था। वहीं, युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहर खाकर आत्महत्या की है लेकिन अबतक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। अब मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। दो शव मिलने की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।


