* जन्मजयंती पर सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. अजय शुक्ल के संयोजन में हुआ अंतरराष्ट्रीय वेबिनार
* पश्चिम बंगाल, बिहार समेत 5 राज्यों के राज्यपाल व 3 बार निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष रहने की विरासत को किया गया याद
* अमेरिका से जुड़ीं विजिटिंग स्कॉलर डॉ. नीलम जैन सहित वर्धा, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी के शिक्षाविदों ने रखे विचार
एस.के.झा.’सुमन’
दुमका। पूर्व राज्यपाल, संविधान के प्रकांड मर्मज्ञ और प्रख्यात साहित्यकार पं. केशरीनाथ त्रिपाठी की जन्मजयंती के अवसर पर एक भव्य अंतरराष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं एन.एस.एस. के पूर्व कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अजय शुक्ल के संयोजन में हुए इस कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रबुद्ध साहित्यकारों, शिक्षाविदों और विद्वानों ने हिस्सा लिया। मंच संचालन करते हुए डॉ. शुक्ल ने श्रद्धेय त्रिपाठी जी को साहित्य, संस्कृति, विधि तथा राजनीति के युगदृष्टा और बहुआयामी व्यक्तित्व का धनी बताया।
——————————

मंगलाचरण से शुरुआत, जनसेवा को बताया प्रेरणास्रोत
कार्यक्रम का शुभारंभ दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के डॉ. सूर्यकांत त्रिपाठी द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण और वक्तव्य से हुआ। वेबिनार की अध्यक्षता कर रहीं पूर्व प्रतिकुलपति, प्राचार्या एवं अप्रतिम जनजातीय हस्ताक्षर डॉ. प्रमोदनी हांसदाक ने कहा कि पं. त्रिपाठी का जीवन साहित्य, सांस्कृतिक, सामाजिक सरोकार और सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है। वे अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से सदैव स्मरण किए जाएंगे।
——————————
‘केवल राजनेता नहीं, सहृदय कवि और संविधान मर्मज्ञ भी थे’
मुख्य अतिथि महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा (महाराष्ट्र) के डीन (छात्र कल्याण), मालवीय मिशन के निदेशक एवं भारतीय हिंदी परिषद के उपसभापति प्रो. अवधेश कुमार ने कहा कि पं. केशरीनाथ त्रिपाठी केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि संविधान के मर्मज्ञ और सहृदय कवि भी थे। तीन बार विधानसभा अध्यक्ष रहने के साथ-साथ पश्चिम बंगाल, मेघालय, बिहार, त्रिपुरा और मिजोरम के राज्यपाल का दायित्व संभालकर उन्होंने जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश की।
——————————
परिजनों और विदेशी विश्वविद्यालय की स्कॉलर ने साझा किए अनुभव
* सादगी और समर्पण: विशिष्ट अतिथि नीरज त्रिपाठी ने कहा कि पूज्य बाबूजी का संपूर्ण जीवन सादगी, जनसेवा और समर्पण का प्रतीक रहा। वहीं, कविता त्रिपाठी ने उन्हें धर्मनिष्ठ, राष्ट्र सेवा परायण एवं महामानव बताते हुए उनके साथ बिताई स्मृतियों को यादगार बताया।
* तर्क और संवेदना का मेल: संयुक्त राज्य अमेरिका के सैन जोस स्टेट यूनिवर्सिटी की विजिटिंग स्कॉलर डॉ. नीलम जैन ने कहा कि श्री त्रिपाठी का जीवन प्रमाण है कि एक व्यक्ति एक ही समय में अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का उपयोग कर सकता है। उनका व्यक्तित्व उस पक्ष का स्मरण कराता है, जहां राजनीति और साहित्य तथा तर्क और संवेदना एक साथ उपस्थित होते हैं।
——————————
देशभर के विद्वानों ने दी भावांजलि
* संस्कृत श्लोकों से नमन: इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, वाराणसी के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. देवनारायण पाठक ने संस्कृत में रचित श्लोकों के माध्यम से उनके जीवन परिचय एवं वैचारिक दर्शन को उद्धृत किया।
* संसदीय गरिमा के रक्षक: प्रयागराज के प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रख्यात अधिवक्ता, मंत्री, राज्यपाल और तीन बार निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संसदीय लोकतंत्र की गरिमा एवं स्वस्थ राजनीतिक परंपराओं को सुदृढ़ किया।
* कवियों के लिए पितृतुल्य: बी.आर.एस. पी.जी. कॉलेज, प्रयागराज के प्राचार्य डॉ. इन्दु प्रकाश मिश्र ‘इन्दु जमदग्निपुरी’ ने 1995 के हिंदी साहित्य सम्मेलन से जुड़ी अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए कहा कि कवि होने के नाते वे उनके लिए पितृतुल्य थे। उनकी स्मृतियां सभी रामभक्तों के हृदय में सदैव जीवित रहेंगी।
* आने वाली पीढ़ियों के लिए धरोहर: महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के डॉ. प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि उनका व्यक्तित्व राजनीति की मर्यादा, न्याय की निष्पक्षता और साहित्य की संवेदनशीलता का अद्भुत समन्वय था। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा की अक्षय धरोहर बनी रहेगी।
——————————
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
वेबिनार में शहर के प्रतिष्ठित व वरिष्ठ समाजसेवी श्याम सुंदर सिंह ने उनके लिए संविधान और जनता की सेवा को सर्वोपरि बताया, जबकि बरेली के प्रशासनिक पदाधिकारी नरेंद्र कुमार शुक्ल ने उन्हें संवेदनशील साहित्यकार के रूप में सराहा। इस अवसर पर जितेंद्र कुमार शाह, यूपीआरटीओयू के शोधार्थी अभिषेक शुक्ल, अनिमेष शुक्ल, निरुपमा हांसदा, साधन मंडल, रेनू, आलोक मनोहर टुडू, राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित अंकित पांडेय और जतिन कुमार सहित कई प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।



