●संताल परगना से हैं मुख्यमंत्री और स्पीकर के साथ इंडी गठबंधन के तीनों दलों के विधायक दल के नेता
सुमन सिंह
दुमका।प्रदीप यादव के कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने के साथ ही नई सरकार में संताल परगना का दबदबा एक बार साबित हुआ।मुख्यमंत्री और स्पीकर के साथ ही सर्वाधिक 4 मंत्री संताल परगना से हैं।सत्ताधारी गठबंधन दल में शामिल तीनों दलों झामुमो, कांग्रेस और राजद के विधायक दल के नेता भी संताल परगना से बने हैं।संताल परगना के बरहेट से विधायक हेमंत सोरेन पहले ही झामुमो विधायक दल के नेता चुने गए हैं।देवघर से विधायक सुरेश पासवान राजद विधायक दल के नेता हैं।अब गठबंधन के तीसरे घटक दल कांग्रेस ने प्रदीप यादव को विधायक दल का नेता चुना है जो संताल परगना के पोड़ैयाहाट से विधायक हैं।प्रदीप यादव पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र से छठी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं।पूर्व मंत्री रह चुके प्रदीप यादव हेमंत सोरेन सरकार में भी कांग्रेस कोटे से मंत्री पद की रेस में थे,पर मंत्री नही बन सके थे।अब पार्टी ने उन्हें विधायक दल का नेता बनाने का निर्णय लिया।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ ही संताल परगना से डॉ इरफान अंसारी, हफीजुल हसन,संजय प्रसाद यादव और दीपिका पांडेय सिंह नई सरकार में मंत्री हैं।नाला विधायक रबीन्द्र नाथ महतो स्पीकर हैं।बता दें कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडी गठबन्धन को दोबारा सत्ता मिलने में संताल परगना का अहम योगदान रहा है।संताल परगना की 18 विधानसभा सीटों में 17 पर इंडी गठबंधन की जीत हुई है।इसमें झामुमो को 11,कांग्रेस को 4 और दो सीट राजद को मिली है।इंडी गठबंधन ने भी यहां की जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए सरकार और दलों में संताल परगना को वाजिब हक दिया है।






