दुमका। जेएससीए इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत गुरुवार को शहर के ए टीम क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए पांचवें मुकाबले में साहेबगंज ने रोमांचक संघर्ष के बाद पाकुड़ को 2 विकेट से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। सुबह 9 बजे शुरू हुआ यह मुकाबला 50-50 ओवर का निर्धारित था।
मैच से पहले जिला क्रिकेट संघ, दुमका के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने संघ के पूर्व सदस्य स्व. अवधेश सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा। टॉस जीतकर पाकुड़ ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 42.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 209 रन बनाए। पाकुड़ की ओर से अमूल कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 67 रनों की अहम पारी खेली। साहेबगंज की गेंदबाजी में पीयूष गुप्ता ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साहेबगंज की टीम ने दबाव भरे माहौल में 37.5 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पाकुड़ की ओर से सोबुर सेख ने 3 विकेट लेकर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा, लेकिन अंततः साहेबगंज ने जीत दर्ज कर ली।
शानदार प्रदर्शन के लिए साहेबगंज के अमूल कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें जेएससीए द्वारा नियुक्त टीआरडीओ संतोष तिवारी एवं जेएससीए के आजीवन सदस्य सह जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष ललित पाठक ने ट्रॉफी एवं 5000 रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव शावर्ण मनोज कुणाल, सह सचिव विश्वजीत चटर्जी, उपाध्यक्ष रोहित तिवारी, खेलप्रेमी डॉ. तुषार ज्योति, संजीव सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। सचिव शावर्ण मनोज कुणाल ने निर्णायक राजेश्वर सिंह, संजय पांडे, टीआरडीओ संतोष तिवारी, एलओ प्रणय तिवारी, स्कोरर ज्ञान रंजन, संघ के सदस्यों, ग्राउंड्समैन एवं दुमका के खेलप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


