देवघर। सदर अस्पताल के ओपीडी कक्ष में निर्धारित समय पर चिकित्सकों के नहीं पहुंचने की बात अमूमन आती रहती है। मंगलवार को इसका पता भी चल गया। जब सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी औचक निरीक्षण करने सदर अस्पताल पहुंचे। यहां तीन ओपीडी में चिकित्सक को अपने कर्तव्य स्थल पर नहीं पाया। जिसमें हड्डी विभाग, शिशु विभाग व मानसिक रोग विभाग शामिल है। इतना ही नहीं जबकि निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्थिति को भांपते हुए जब उन्होंने आयुष्मान कक्ष की ओर देखा तो आयुष्मान कक्ष में ताला जड़ा हुआ पाया। सीएस ने तुरंत बंद कमरे की तस्वीर अपने कैमरे में उतार लिया। ओपीडी में चिकित्सकों के समय पर नहीं पहुंचने और आयुष्मान कक्ष में ताला लगा होने को लेकर सिविल सर्जन ने अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तुरंत सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को संबंधित चिकित्सक सहित आयुष्मान कक्ष में तैनात कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। कहा कि कार्य के प्रति लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में सदर अस्पताल के डीएस डॉक्टर प्रभात रंजन अपने एक्शन में आए साथ ही सिविल सर्जन के निर्देश प्राप्त होते ही अस्पताल के उपाधीक्षक डॉक्टर प्रभात रंजन ने सारे अस्पताल के वार्ड का निरीक्षण करके वहां पर कार्यरत स्टाफ को ईमानदारी पूर्वक कार्य निष्पादन करने की सलाह देते हुए कार्य में लापरवाही बरतने वाले स्टॉफ पर सख्त से सख्त ठोस कार्रवाई करने की बात कही।




