●झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने दो साल पहले के निर्णय को शिथिल किया
●अब क्रशर यूनिट को सीटीओ प्राप्त करने के लिए वैध स्रोत से बोल्डर प्राप्त करने का शपथ पत्र देना होगा
सुमन सिंह
दुमका। क्रशर यूनिट के संचालन के लिए 5 किमी के दायरे से कच्चा माल (बोल्डर) लेने की बाध्यता को झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने समाप्त कर दिया है।अब क्रशर यूनिट को सिर्फ इस आशय का शपथ पत्र देना होगा कि वे वैध पत्थर खदानों से बोल्डर ले रहे हैं।5 किमी दायरे में अवस्थित पत्थर खदान से बोल्डर लेने की बाध्यता वर्ष 2023 में हुई बोर्ड की पर्षद मंडल की 50 वीं बैठक में लिया गया था।11.7.2023 को हुई उक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि किसी क्रशर यूनिट को कंसेंट टू इस्टैब्लिश(सीटीई) और कंसेंट टू ऑपरेटर (सीटीओ) देने के लिए क्रशर की दूरी खनन पट्टा से 5 किमी से अधिक नहीं होना चाहिए।झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की पर्षद मंडल ने इस साल हुई 52 वीं बैठक में 50 वीं बैठक के अपने निर्णय को शिथिल करते हुए ताजा निर्णय लिया कि अब स्टोन क्रशर इकाइयों को वैध स्रोत से पत्थर प्राप्त करने का शपथ पत्र समर्पित करने के बाद ही स्थापना सहमति आवेदन(सीटीई) और संचालन सहमति आवेदन(सीटीओ) पर विचार किया जाएगा।झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद द्वारा इस संबंध में 20 मार्च 2025 को कार्यालय आदेश जारी कर दिया गया।इस निर्णय से पूरे राज्य के स्टोन क्रशर संचालकों ने राहत की सांस ली है।
—

अब खनन पट्टा के 5 किमी दायरे में शिफ्ट नहीं करना होगा क्रशर यूनिट
सोमवार को झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय कार्यलय दुमका के क्षेत्र पदाधिकारी अमूल कुमार सोरेन ने बताया कि पर्षद के निर्णय से वैसे क्रशर यूनिट संचालकों को राहत मिल गई है जिनका क्रशर यूनिट की पत्थर खदान से दूरी 5 किमी से अधिक थी।पूर्व में लिए निर्णय के आलोक में 5 किमी दायरे से बाहर अवस्थित क्रशर यूनिट को 31.5.2025 अपना क्रशर शिफ्ट करने का आदेश था।ऐसा नहीं करने पर 1 जून 2025 से क्रशर यूनिट को सीटीओ नहीं मिलता।पर अब ऐसे क्रशर यूनिट भी वैध स्रोत से बोल्डर लेने का शपथ पत्र देकर सीटीओ प्राप्त कर सकेंगे।





