जयपुर । टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने 2026 आईपीएल सीजन से पहले राजस्थान रॉयल्स (आरआर) में अपनी शानदार वापसी पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि आरआर ने ही उन्हें पहला बड़ा मंच और जीत का पहला स्वाद दिया था, इसलिए आरआर में लौटना उनके लिए घर वापस आने जैसा है। आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े ट्रेडों में से एक में, संजू सैमसन को सीएसके भेजा गया, जबकि आरआर को बदले में जडेजा और सैम करन मिले। यह ट्रेड क्रिकेट जगत में बड़ी चर्चा का विषय बना हुआ है। जडेजा ने टीम की वेबसाइट पर कहा, राजस्थान रॉयल्स ने मुझे मेरा पहला प्लेटफॉर्म दिया। यहां लौटना सिर्फ टीम में वापसी नहीं, बल्कि घर वापसी जैसा है। मैंने यहां अपना पहला आईपीएल जीता था और उम्मीद है कि वर्तमान टीम के साथ और भी खिताब जीतूंगा।
जडेजा 2008 में आरआर की पहली आईपीएल विजेता टीम का हिस्सा थे। 27 मैचों में उन्होंने 430 रन बनाए और 6 विकेट भी झटके। अंडर 19 विश्व कप जीत के बाद यह उनका पहला बड़ा मंच था जिसने उनके करियर की दिशा दी। आरआर के क्रिकेट डायरेक्टर कुमार संगकारा ने भी जडेजा की वापसी को अत्यंत खास बताया। उन्होंने कहा कि जडेजा का अनुभव, शांत स्वभाव और गेम-चेंजर क्षमता टीम को नई मजबूती देगी।
दूसरी ओर, संजू सैमसन अब सीएसके का हिस्सा बने है। RR के लिए वह 11 सीज़न खेल चुके हैं और टीम के सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, 155 मैचों में 4,219 रन। 2024 से 2025 के बीच उनकी कप्तानी और प्रदर्शन ने टीम को मजबूती दी, हालांकि पिछले सीजन में चोट के कारण आरआर का अभियान डगमगा गया।
उधर, जडेजा का सीएसके करियर भी बेहद शानदार रहा है, सीएसके के लिए सबसे ज्यादा विकेट, 143, 254 आईपीएल मैच में 2,198 रन, 5 फिफ्टी, 2023 आईपीएल फाइनल के हीरो, जब उनकी आखिरी ओवर की बल्लेबाज़ी ने सीएसके को खिताब दिलाया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


