अयोध्या । राम मंदिर का हेलीकॉप्टर से दर्शन कराने के साथ ही यूपी सरकार महाकुंभ को लेकर भी कुछ ऐसी ही तैयारी में दिख रही है। कहा जा रहा है कि महाकुंभ के एरियल व्यू के लिए भी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की तैयारी है। हालांकि, अभी तक सरकार ने इसे लेकर कुछ नहीं कहा है। अयोध्या के राम मंदिर का हेलीकॉप्टर से दर्शन को लेकर अभी तक जो किराया तय किया है वह प्रति व्यक्ति 4130 रुपये है। यानी अगर किसी एक श्रद्धालु को इस मंदिर का एरियल दर्शन करना है तो उसे यूपी सरकार को 4130 रुपये का भुगतान करना होगा। हालांकि अभी तक ये साफ नहीं है कि यह धनराशि चुकाने के बाद आपको कितनी देर के लिए हेलीकॉप्टर से घुमाया जाएगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यूपी सरकार राम मंदिर के दर्शन की तर्ज पर प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ का भी दर्शन कराने की योजना बना रही है। हालांकि, अभी तक इसे लेकर सरकार की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं की गई है लेकिन कहा जा रहा है कि इसे लेकर जल्द ही ऐलान किया जा सकता है। ऐसे होने पर कुंभ में स्नान करने श्रद्धालु महाकुंभ का भी एरियल व्यू ले पाएंगे। इसके लिए उन्हें कितनी धन राशि खर्च करनी होगी ये अभी तक तय नहीं है। अभी ये योजना शुरुआती चरण में है लेकिन इस दिशा में जल्द ही कोई ऐलान कर सकती है।






