कारगिल दियारा के 3 वार्डों में बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटी राहत सामग्री
सीएम का निर्देश, पर पीड़ितों को हर हाल में मिले राहत
साहिबगंज। राजमहल सांसद विजय हांसदा ने शुक्रवार को झामुमो जिला अध्यक्ष शाहजहां अंसारी, एमटी राजा, केंद्रीय समिति सदस्य प्रो नजरुल इस्लाम, प्रो मोज़म्मिल हक़ सहित अपर समाहर्ता गौतम भगत के साथ बोट के माध्यम से सदर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित दियरा इलाकों का जायजा लिया। सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का स्पष्ट निर्देश है कि बाढ़ पीड़ितों के बीच हर हाल में राहत सामाग्री का वितरण हो। इस दौरान सांसद ने कारगिल दियारा पहुंच वहां डियारावासियों से बाढ़ के हालात की जानकारी ली। वहीं कारगिल दियारा के 3 वार्डों के बाढ़ पीड़ितों के बीच सूखा राशन का वितरण किया। इसके उपरांत लालबथानी व अन्य दियारा इलाकों के लिए निकले ही थे कि खराब मौसम में घिर गए। जिसके चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा। सांसद ने बताया कि मुख्यमंत्री की नजर बाढ़ के हालात पर है। राहत व बचाव के लिए सीएम चिंतित हैं उन्होंने जिला प्रशासन को पीड़ित नागरिकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। प्रशासन भी बेहतर काम कर रही है। मौके पर सदर सीओ विजय कुमार, नईम अंसारी, राजू अंसारी, गोपाल यादव, आदित्य यादव, मो नुमान सहित अन्य मौजूद थे।






