हिंदु-मुस्लिम कर समाज में पैदा कर रहे तनाव
संघ प्रमुख के बयान का कांग्रेस, सपा, ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने किया स्वागत
नई दिल्ली । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने देश में चले रहे मंदिर-मस्जिद विवादों को फिर से उठाने (उभारने) पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बाद कुछ लोग इन विवादों को उठाकर हिंदुओं के नेता बनने का प्रयास कर रहे हैं, जो समाज में और ज्यादा तनाव पैदा कर सकते हैं। भागवत ने आगे कहा कि यह स्थिति स्वीकार्य योग्य नहीं है और ऐसे विवादों का उठना समाज की एकता को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने इस मुद्दे पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि राम मंदिर का निर्माण हिंदू आस्था का विषय था, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि ऐसे विवादों को फिर से तूल दिया जाए। आरएसएस प्रमुख ने समावेशी समाज की जरुरत पर बल दिया और कहा कि भारतीय समाज अपनी विविधता के साथ शांति और सद्भावना से रह सकता है। उन्होंने उदाहरण के तौर पर रामकृष्ण मिशन में क्रिसमस मनाए जाने की बात कही और इसे भारतीय समाज की परंपरा का हिस्सा बताया। उन्होंने यह भी साफ किया कि भारत अब संविधान के अनुसार चलता है और किसी भी प्रकार के वर्चस्व की भाषा का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत की परंपरा रही है कि यहां सभी अपनी-अपनी पूजा पद्धतियों का पालन कर सकते हैं, बशर्ते वे कानून का सम्मान करें। बता दें इससे पहले मंदिरों के सर्वेक्षण और मस्जिदों के नीचे शिवलिंग की खोज को लेकर अदालतों में कई याचिकाएं दायर की गई थीं, जिनका आरएसएस प्रमुख ने विरोध किया था। भागवत का यह बयान देश में सद्भावना और एकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में देखा जा रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)। प्रमुख मोहन भागवत ने देश में सद्भावना की वकालत की और मंदिर-मस्जिद को लेकर शुरू हुए नए विवादों पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने हालिया विवादों पर कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद इसतरह के विवादों को उठाकर कुछ लोगों को लगता है कि वे हिंदुओं के नेता बन जाएंगे। वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने संघ प्रमुख भागवत के बयान पर कहा, मैं भागवत जी के बयान से बिल्कुल सहमत हूं। सारी मस्जिद के नीचे शिवलिंग खोजने की जरूरत नहीं है। इतिहास में बहुत कुछ हुआ है, 21वीं शताब्दी में आगे का सोचने का वक्त आया है। एसपी सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा, भागवत, बीजेपी को कंट्रोल क्यों नहीं कर रहे हैं। हम आह्वान करते हैं कि हम कैलाश मानसरोवर को चीन से मुक्त कराएं। हर मस्जिद में ये लोग विवाद पैदा करते हैं। वहीं, भागवत के बयान पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा, बीजेपी का काम ही है, इन सब मुद्दों पर बात करना। बीजेपी को देश की प्रगति, भाईचारे, लोकतंत्र, किसान पर भी चर्चा करनी चाहिए। वहीं ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव, यासूब अब्बास ने कहा, मैं संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान का स्वागत करता हूं। हर मस्जिद के नीचे मूर्ति तलाश करना, हर मजार के नीचे मंदिर तलाश करना, देश की एकता के लिए बिल्कुल ठीक नहीं है।एक जगह मंदिर बन गया लेकिन अब मुल्क के माहौल को खराब किया जा रहा है। कुछ बाहरी ताकतें हैं, जो पूरी तरह से दोनों तरफ काम कर रही हैं।






