मुंबई । ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान उनकी बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज गांधी के लिए संगीत तैयार करेंगे। यह महत्वपूर्ण घोषणा की है गांधी जयंती के अवसर पर अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट ने। यह सीरीज भारतीय स्वतंत्रता की व्यापक गाथा को पेश करेगी, जिसमें रहमान अपनी अद्वितीय कला से इसे नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। इस वेब सीरीज का निर्देशन हंसल मेहता कर रहे हैं और यह रामचंद्र गुहा के लेखन पर आधारित है। यह सहयोग इतिहास, भावना और संगीत को एक साथ बुनने का वादा करता है, जो दर्शकों को एक नया अनुभव प्रदान करेगा। रहमान की रचनाएँ न केवल दृश्यों को सपोर्ट करेंगी, बल्कि गांधी की शिक्षाओं का सार भी पकड़ेंगी, जो कथा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाएंगी। अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट के प्रबंध निदेशक समीर नायर ने कहा, गांधी सिर्फ एक सीरीज नहीं है, यह मानवीय भावना की विजय पर एक वैश्विक कथा है। ए.आर. रहमान का संगीत इस प्रतिष्ठित कहानी को दुनिया भर के दर्शकों के साथ जोड़ने के लिए एक भावपूर्ण आयाम प्रदान करेगा। ए.आर. रहमान ने कहा, “गांधीजी के युवा जीवन को देखना एक रेवलेशन है। सत्य और जीवन के साथ उनके प्रयोग ने उनके चरित्र के विकास को दर्शाया है। मैं इस कहानी के लिए संगीत देने के लिए सम्मानित महसूस कर रहा हूं।” हंसल मेहता ने कहा, यह कहानी एम के गांधी के जीवन की एक गहरी मानवीय कहानी है, जो पीढ़ियों को प्रेरित करती रहती है। ए.आर. रहमान का हमारे साथ इस यात्रा में शामिल होना एक सपने के सच होने जैसा है।


