राज्यपाल से अनुमति के बाद जल्द होगी आधिकारिक घोषणा
रांची। झारखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। नगर निकाय चुनाव कराने की दिशा में राज्य निर्वाचन आयोग सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटा है। आयोग का प्रयास है कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी कर 31 मार्च से पहले चुनाव संपन्न कराए जाएं। इस दिशा में जिला स्तर पर प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोग के निर्देश के आलोक में जिला स्तर पर वार्ड आरक्षण, बूथ निर्धारण और अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जिला स्तर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग में सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, निर्वाचन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचन पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसके बाद राज्यपाल से अनुमति लेकर चुनाव की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, चुनाव की घोषणा जनवरी के अंतिम सप्ताह या फरवरी के पहले सप्ताह में हो सकती है। आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि सभी जिलों में वार्डों के आरक्षण से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जिला स्तर पर इसकी अधिसूचना जारी की जा रही है। साथ ही, बूथों का निर्धारण लगभग पूरा हो चुका है। आधे से अधिक जिलों में निर्वाचन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचन पदाधिकारी नामित किए जा चुके हैं। शेष जिलों में भी शीघ्र अधिसूचना जारी कर उन्हें आयोग द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोग इस बार नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की योजना बनाई है। इसके लिए आयोग करीब 45 लाख बैलेट पेपर की छपाई करा रहा है।
1 अक्टूबर 2024 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के आधार पर होंगे चुनाव
राज्य में नगर निकाय चुनाव भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 1 अक्टूबर 2024 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के आधार पर होंगे। इस सूची में जिन मतदाताओं के नाम दर्ज हैं, वही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि राज्य निर्वाचन आयोग, भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त मतदाता सूची के आधार पर नगर निकाय और पंचायत चुनाव संपन्न कराता है।


