गोड्डा : महगामा और पोड़ैयाहाट विधानसभा के लिए जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम महतो ने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पार्टी ने महगामा से जवाहर यादव को उम्मीदवार बनाया है और पोड़ैयाहाट विधानसभा से प्रवीण महतो को टिकट दिया है। प्रवीण महतो गोड्डा सीट पर कर रहे थे दावा बता दें कि प्रवीण महतो शुरू से ही गोड्डा विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी पेश करते रहे हैं। वहीं जब जेएलकेएम की ओर से गोड्डा विधानसभा सीट से परिमल ठाकुर को उम्मीदवार बनाया गया तो प्रवीण महतो के समर्थकों समेत खुद प्रवीण महतो ने पार्टी अलाकमान के इस निर्णय का विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि यदि उन्हें गोड्डा से टिकट नहीं दिया गया तो वे और उनके समर्थक भाजपा के पक्ष में वोट करेंगे। अब पार्टी में विरोध के बाद प्रवीण महतो को पोड़ैयाहाट से उम्मीदवार बनाया गया है। इस बाबत जब प्रवीण महतो ने कहा कि वे गोड्डा विधानसभा से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन गोड्डा सीट से परिमल ठाकुर को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। वहीं अचानक से पार्टी ने उन्हें पोड़ैयाहाट से उम्मीदवार बना दिया है। वे पार्टी के इस फैसले पर विचार करेंगे कि उन्हें चुनाव लड़ना चाहिए या नहीं, साथ ही उन्होंने कहा कि वे लगातार गोड्डा में मेहनत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पोड़ैयाहाट में उनके महतो समाज के कम मत हैं, फिर भी पार्टी अलाकमान ने उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी है वो उसे निभाने की कोशिश करेंगे। वहीं इस संबंध में गोड्डा के पत्रकार नरेंद्र महतो गांधी कहते हैं कि ये एक प्रयास है पार्टी में डैमेज कंट्रोल की, ताकि प्रवीण महतो की नाराजगी दूर हो सके। उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर पार्टी पोड़ैयाहाट में कमजोर है। ऐसे मे पोड़ैयाहाट में चुनाव लड़ना महज औपचारिकता होगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


