रैयतों के परिजनों को आउटसोर्सिंग कंपनी में दी गई है नौकरी, अडाणी कम्पनी में हो सामंजन
विशेष संवाददाता
दुमका । कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा है कि गोड्डा में अडाणी की कंपनी को जमीन देने वाले रैयतों के हक की लड़ाई दोबारा लड़ेंगे।शुक्रवार को दुमका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदीप यादव ने कहा कि गोड्डा में अडाणी का जो विरोध हो रहा है,वह जायज है।उन्होंने बताया कि अडाणी कम्पनी के साथ जो एमओयू हुआ था,उसमें जमीन देने वाले रैयतों को मुआवजा के साथ हर परिवार के एक सदस्य को अडाणी कम्पनी में नौकरी देने की बात हुई थी।पर 176 रैयतों के परिवार को जो नौकरी मिली वह अडाणी कंपनी में न देकर एक आउटसोर्सिंग कंपनी में दे दी गई।इसका विरोध भी हुआ था।अब उन्हें उस आउटसोर्सिंग कम्पनी से हटा कर किसी थर्ड पार्टी में फंसाया जा रहा है।रैयतों ने अडाणी कम्पनी को अपने पुरखों की जमीन दे दी पर अडाणी कम्पनी उन्हें दूध की मक्खी की तरह निकाल कर फेंक रही है।इसका विरोध हो रहा है।कांग्रेस नेता प्रदीप यादव ने बताया कि जमीन देने वाले रैयतों के परिवार के जिन सदस्यों को आउटसोर्सिंग कम्पनी में नौकरी दी गई,उनका सामंजन अडाणी कम्पनी में होना चाहिए।इसके लिए रैयतों द्वारा किये जा रहे भूख हड़ताल में मैं शामिल हुआ था।मैं पहले भी उनकी लड़ाई लड़ा था,दोबारा भी लड़ूंगा।
———————————————

रघुवर सरकार में अडाणी को गलत तरीके से दिया गया था लाभ
दुमका।कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के रघुवर सरकार के कार्यकाल में अडाणी कम्पनी को गलत तरीके से लाभ पहुंचाया गया था।इस कंपनी को स्पेशल इकोनॉमिक जोन दिया गया।इससे भारत सरकार को 80 हजार करोड़ और झारखंड सरकार को 12 हजार करोड़ का घाटा हुआ।एसपीटी एक्ट का भी उल्लंघन हुआ।कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा वर्तमान राज्य सरकार ने भाजपा सरकार में अडाणी को गलत तरीके से लाभ पहुंचाने के मामले की जांच के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में जांच कमिटी का गठन किया है।
———————————————
‘गौतम अडाणी का मुख्यमंत्री से मिलने पर कोई प्रश्न चिन्ह नहीं’
दुमका।हाल में गौतम अडाणी की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने के संबंध में पत्रकारों के सवाल पर कांग्रेस नेता प्रदीप यादव ने कहा कि वे दुनिया के बड़े उद्योगपति हैं।इसलिए सीएम से मिलना सामान्य प्रक्रिया है।उनके मुख्यमंत्री से मिलने पर कोई प्रश्न चिन्ह नहीं है।मेरा मानना है कि प्रोसेस में कोई लैप्स न हो।अडाणी को गलत तरीके से लाभ न पहुंचने दिया जाए।इसी क्रम में प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा की रघुवर सरकार के जमाने में अडाणी कम्पनी को गलत तरीके से लाभ दिया गया था।





