हार न मानने के जज्बे से मिली जीत
मेलबर्न । ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भारतीय क्रिकेट टीम के आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को मैच विजेता खिलाड़ी करार दिया है। पोंटिंग ने ऋषभ की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतने कम समय में ही इस खिलाड़ी ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं उससे उसकी आपार क्षमताओं का पता चलता है। इस खिलाड़ी ने जिस प्रकार हार न मानते हुए भीषण कार हादसे के बाद भी शानदार वापसी की है उससे पता चलता है कि वह एक महान खिलाड़ी है। सबसे बड़ी विशेषता ये है कि वह तीनो ही प्रारुपों में एक समान रुप से बेहतरीन बल्लेबाजी करता है।
साथ ही कहा कि बॉडर-गावस्कर ट्रॉफी में भी उसपर सभी की नजरें रहेंगी। पिछली बार भारत ने ऑस्ट्रेलिया में जो टेस्ट सीरीज 2-1 से जीती थी, जिसमें इस बल्लेबाज ने अहम भूमिका निभाई थी। पोंटिंग ने इस क्रिकेटर की क्षमताओं की सराहना करते हुए कहा, वह किसी भी अन्य खिलाड़ी की तरह ही एक गंभीर क्रिकेटर हैं। हमने उन्हें खेलते हुए देखा है और स्टंप माइक पर उनकी आवाज सुनी है। वह एक मजेदार और टीम के साथ घुल-मिलकर रहने वाला खिलाड़ी है पर वह सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं खेलता, वह एक सच्चा विजेता है।
पोंटिंग ने इस विकेटकीपर की तुलना पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी से करते हुए कहा, इस क्रिकेटर ने अब तक 33 टेस्ट मैच खेले हैं और 5 शतक लगाये हैं। वहीं धोनी ने 90 टेस्ट मैच खेले और 6 शतक लगाए। इस प्रकार देखा जाये तो इस युवा ने इतने कम मैचों में जो हासिल किया है, वह प्रशंसा के योग्या है। वह एक गंभीर क्रिकेटर हैं और उनके प्रदर्शन से यह साफ दिखता है।
पोंटिंग ने कहा कि वह कार हादसे के बाद से ही ऋषभ के लगातार संपर्क में थे। पोंटिंग उस समय दिल्ली कैपिटल्स के कोच थे। उन्होंने कहा, यह एक ऐसी वापसी है जो हैरान करती है। मैंने जब उनकी हालत देखी, तो मुझे लगा कि वह आईपीएल 2024 में नहीं खेल पाएंगे पर इस क्रिकेटर ने मुझसे कहा, ‘मेरे बारे में चिंता मत करो, मैं आईपीएल के लिए ठीक हो जाऊंगा।’ और वह न केवल खेले, बल्कि हर मैच में विकेटकीपिंग भी की और शानदार प्रदर्शन किया। आईपीएल के बाद टी20 विश्वकप में भी उसका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा।
पोंटिंग ने आगे कहा कि पंत ने आईपीएल 2024 में बेहतरीन प्रदर्शन किया और टी20 विश्व कप में नंबर 3 पर बल्लेबाजी की। वह अब टेस्ट टीम में वापस आ चुके हैं और भारत के लिए एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी बने रहेंगे। पोंटिंग का मानना है कि पंत का कभी हार न मानने वाला रवैया ही उन्हें एक सच्चा विजेता बनाता है।






