गोड्डा : जिले के सुंदरपहाड़ी में एक पहाड़िया व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद चेहरे को पत्थर से कूच दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। वहीं मृतक बड़ा कारू पहाड़िया गोराडीह गांव का रहने वाला बताया गया। मृतक के शरीर पर चाकू से गोदने व चेहरे को पत्थर से कूचने के निशान मिले हैं। पुलिस द्वारा शव को गौराडीह से बरामद किये जाने के बाद गोड्डा सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। वहीं सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि बड़ा कारू रविवार से ही गायब था।
वह गांव में आयोजित एक भोज में शामिल होने गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। दूसरे दिन सुबह से मृतक की खोजबीन की जाने लगी, तब जाकर गांव में ही पहाड़ पर उसका शव बहुत ही गंभीर अवस्था में बरामद किया गया। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आपसी विवाद में ही घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करने के बाद हत्यारोपियों की तलाश में जुट गई है। परिजन भी इस मामले में कुछ बता पाने में हिचकिचा रहे हैं। वहीं इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवक की हत्या आपसी विवाद में की गयी है। सुंदरपहाड़ी थाना की पुलिस को हत्या के कारणों का पता लगाने का निर्देश दिया गया है, जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जायेगा।





