खजुराहो । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खजुराहो में बुधवार को केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन भी किया। इस मौके पर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। वाजपेयी पर डाक टिकट जारी किया गया। प्रधानमंत्री ने यहां बुंदेलखंडी में कहा कि वीरों की धरती ई बुंदेलखंड पर रहवे वारे सभी जनन को हमाई तरफ से हाथ जोडक़े राम-राम पहुंचे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और डॉ. भीम राव अंबेडकर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में पानी से जुड़ी योजनाओं का क्रेडिट अंबेडकर को जाता है, लेकिन कांग्रेस ने कभी बाबा साहेब को इसका श्रेय नहीं दिया, लोगों को पता भी नहीं चलने दिया। प्रधानमंत्री बोले कि पानी के लिए दूरदर्शी आयोजन, इसके विषय में किसने सोचा था? जो सच्चाई है, उसको दबाकर रखा गया। एक ही व्यक्ति को क्रेडिट देने के नशे में सच्चे सेवक को भुला दिया गया। आज मैं बताता हूं देश आजाद होने के बाद भारत की जल शक्ति, भारत के जल संसाधन, भारत में पानी के लिए बांधों की रचना… इन सबकी दूरदृष्टि किसी एक महापुरुष को क्रेडिट जाता है तो उस महापुरुष का नाम है बाबा साहेब अंबेडकर। अतीत में कांग्रेस सरकारें घोषणाएं करने में माहिर थीं… कांग्रेस सरकारों के पास योजनाओं को लागू करने की न तो नीयत थी और न ही गंभीरता। पीएम ने कहा, बीते दो दशकों में मध्यप्रदेश ने अनेक पैमानों में शानदार काम किया। आने वाले दशकों में मप्र देश की टॉप इकोनॉमी में से एक होगा। इसमें बुंदेलखंड की बहुत बड़ी भूमिका होगी। विकसित भारत के लिए विकसित मप्र बनाने में बुंदेलखंड का बहुत बड़ा योगदान होगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज सांची और अन्य बौद्ध स्तंभा को बौद्ध सर्किट से जोड़ा जा रहा है। गांधी सागर, ओंकारेश्वर डैम, इंदिरा सागर डैम, भेड़ाघाट, बाण सागर डैम ईको सर्किट का हिस्सा है। खजुराहो, ग्वालियर, ओरछा, चंदेरी, मांडू ऐसे स्थलों को हैरिटेज सर्किट के रूप में कनेक्ट किया जा रहा है। पन्ना नेशनल पार्क को भी वाइल्ड लाइफ सर्किट से जोड़ा गया है। टाइगर रिजर्व में बीते वर्ष ढाई लाख पर्यटक आए हैं। यहां जो लिंक नहर बनाई जाएगी, उसमें पन्ना टाइगर रिजर्व के जीवों का भी ध्यान रखा गया है। पीएम ने कहा कि भारत जब दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने जा रहा है, तो दुनिया में भारत को लेकर जिज्ञासा बढ़ी है। दुनिया भारत को जानना चाहती है। समझना चाहती है। इसका बहुत अधिक फायदा मप्र को होने वाला है। हाल में एक अमेरिकी अखबार में एक रिपोर्ट छपी है। खबर में लिखा गया है कि मप्र को दुनिया के 10 सबसे आकर्षक टूरिस्ट डेस्टीनेशन में से एक बताया गया है। दुनिया के टॉप टेन में एक मेरा मध्यप्रदेश। पीएम ने कहा कि हमारा मप्र टूरिज्म के मामले में हमेशा अव्वल रहा है। खजुराहो आया हूं और पर्यटन की चर्चा न करूं ऐसा हो सकता है क्या? पर्यटन ऐसा सेक्टर है जो युवाओं को रोजगार भी देता है और देश की अर्थव्यवस्थाओं को ताकत देता है।






