नई दिल्ली । योग में कुछ ऐसे आसन बताए गए हैं, जो शरीर की ताकत, संतुलन और एकाग्रता पर काम करते हैं। इन्हीं में से एक है पिंच मयूरासन। यह एक ऐसा योगासन है, जिसमें शरीर का संतुलन दोनों हाथों की कोहनियों और बांहों के सहारे बनाया जाता है। इस दौरान शरीर उल्टी स्थिति में रहता है और दोनों पैर ऊपर की ओर उठे होते हैं। यह देखने में कठिन आसन लग सकता है, लेकिन नियमित अभ्यास और सही तकनीक के साथ इसे सीखा जा सकता है। संस्कृत में पिंच का अर्थ पंख और मयूर का अर्थ मोर होता है। इस आसन में शरीर की आकृति पंख फैलाए हुए मोर जैसी दिखाई देती है। इसी वजह से इसका नाम पिंच मयूरासन रखा गया है। इसे संतुलन और व्युत्क्रम यानी शरीर को उल्टी दिशा में रखने वाले आसनों की श्रेणी में शामिल किया जाता है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने भी इसे योग के महत्वपूर्ण आसनों में स्थान दिया है। इस आसन को करते समय शरीर का अधिकतर भार कोहनियों, बांहों और कंधों पर रहता है। इसलिए इसका अभ्यास करने से पहले इन अंगों में पर्याप्त मजबूती होना जरूरी है।
नियमित और सही तरीके से किए जाने पर यह कंधों, बांहों और पीठ की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है। इसके अलावा पेट और कमर के आसपास की मांसपेशियों को भी सक्रिय रखना पड़ता है, जिससे शरीर के मध्य हिस्से यानी कोर की मजबूती पर काम होता है। पिंच मयूरासन में शरीर का संतुलन बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान व्यक्ति को अपने शरीर की स्थिति पर लगातार ध्यानदेना पड़ता है। इससे शरीर के नियंत्रण और एकाग्रता का अभ्यास होता है। उल्टी स्थिति में संतुलन बनाने की कोशिश के दौरान व्यक्ति का ध्यान मुख्य रूप से अपने शरीर की गतिविधियों पर केंद्रित रहता है। इससे मानसिक एकाग्रता विकसित करने में सहायता मिल सकती है। इस आसन में पैरों को ऊपर उठाने के लिए पेट, कूल्हों और पीठ की मांसपेशियों को सक्रिय रखना पड़ता है। इससे शरीर की मांसपेशियों में ताकत और स्थिरता विकसित करने में मदद मिल सकती है।
साथ ही, संतुलन बनाए रखने की क्षमता पर भी काम होता है। इस आसन का अभ्यास करने के लिए सबसे पहले योग मैट पर घुटनों के बल बैठें। इसके बाद दोनों कोहनियों को जमीन पर रखें और हथेलियों को आपस में मिलाकर या उचित दूरी पर रखते हुए शरीर को सहारा दें। धीरे-धीरे कूल्हों को ऊपर उठाएं और पैरों को हाथों की ओर ले जाएं। इसके बाद नियंत्रित तरीके से एक-एक पैर ऊपर उठाने का प्रयास करें। शुरुआत में दीवार का सहारा लेना बेहतर रहता है। यह एक कठिन आसन है, इसलिए शुरुआती लोगों को इसे किसी योग्य योग प्रशिक्षक की देखरेख में सीखना चाहिए। जब तक शरीर में पर्याप्त मजबूती और संतुलन विकसित न हो, तब तक बिना सहारे इसका अभ्यास नहीं करना चाहिए। कुछ स्थितियों में इस आसन से बचना जरूरी है। माइग्रेन, तेज सिरदर्द और आंखों से जुड़ी गंभीर समस्याओं, जैसे ग्लूकोमा, में इसका अभ्यास नहीं करना चाहिए।






