नई दिल्ली । सर्दी-जुकाम और फ्लू के इलाज में एंटीबायोटिक का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इसकी वजह यह है कि ये बीमारियां आमतौर पर वायरस के कारण होती हैं, जबकि एंटीबायोटिक दवाएं केवल बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण पर असर करती हैं। यह चेवावनी दी है विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने। कुछ लोगों को लगता है कि एंटीबायोटिक लेने से बीमारी जल्दी ठीक हो जाएगी, लेकिन ऐसा करना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है और भविष्य में गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है।
दरअसल, सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसी बीमारियां ज्यादातर वायरल संक्रमण के कारण होती हैं। ऐसे में एंटीबायोटिक लेने से न तो वायरस खत्म होते हैं और न ही बीमारी जल्दी ठीक होती है। ये दवाएं बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल की जाती हैं। इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के इनका सेवन करना सही नहीं है, क्योंकि यह न केवल अप्रभावी होता है बल्कि शरीर को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

सामान्य वायरल संक्रमण अक्सर कुछ समय में अपने आप ठीक हो जाते हैं। ऐसे में आराम करना, पर्याप्त पानी पीना और जरूरत के मुताबिक लक्षणों का इलाज करना मददगार हो सकता है, जैसे बुखार या दर्द के लिए पेरासिटामोल लेना।
डब्ल्यूएचओ ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) को दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बताया है। यह स्थिति तब पैदा होती है, जब बैक्टीरिया, वायरस, फंगस और परजीवी उन दवाओं के प्रति प्रतिक्रिया देना बंद कर देते हैं, जिनसे उनका इलाज किया जाता है। इसके कारण संक्रमण का इलाज मुश्किल हो जाता है, जिससे साधारण बीमारियाँ भी जानलेवा बन सकती हैं। एंटीबायोटिक का जरूरत से ज्यादा या गलत इस्तेमाल इस समस्या को बढ़ाने वाले प्रमुख कारणों में शामिल है। इसका असर सिर्फ इंसानों की सेहत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जानवरों, खेती, खाद्य सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण पर भी पड़ता है, जिससे यह एक वैश्विक खतरा बन गया है। इसलिए सर्दी-जुकाम या फ्लू होने पर खुद से एंटीबायोटिक लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह लें।





