पटना । लैंड फॉर जॉब मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के साथ कई अफसरों को भी आरोपी बनाया गया है। इनमें से कई पर मुकदमा चलाने की मंजूरी मिल गई है। लेकिन कुछ अफसर ऐसे भी थे, जिनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी मिलने में देरी हुई। इनमें से एक नाम पूर्व आईएएस रजनीश कुमार महाजन यानी आरके महाजन का भी है। काफी जद्दोजहद के बाद 30 जनवरी को इनके खिलाफ केस चलाने की मंजूरी मिली है।
बिहार कैडर के आईएएस अफसर आरके महाजन लालू यादव और नीतीश कुमार दोनों के करीबी रहे हैं और कई अहम पदों पर रहे हैं। सीबीआई ने रेलवे के लैंड फॉर जॉब घोटाले में आरके महाजन के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी थी। मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले आरके महाजन उस समय लालू यादव के निजी सचिव थे जब ये घोटाला हुआ। तब वे रेल भवन में जन शिकायत कोषांग के कार्यकारी निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। सीबीआई का कहना है कि घोटाले में आरके महाजन की अहम भूमिका थी। वे लालू यादव के अवैध कार्यों में शामिल थे।
इससे पहले 30 जनवरी को कोर्ट ने दो पूर्व अधिकारियों के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी थी। इसमें एक पूर्व आईएएस अधिकारी आर के महाजन भी शामिल हैं। घोटाला उस समय का है, जब लालू यादव यूपीए-1 सरकार में रेल मंत्री थे। आरोप है कि 2004 से 2009 के बीच भारतीय रेलवे के अलग-अलग जोन में ग्रुप डी के पदों पर कई लोगों की नियुक्ति की गई और बदले में इन लोगों ने अपनी जमीनें तत्कालीन रेल मंत्री लालू यादव के परिवार के सदस्यों और उनकी संबंधित कंपनी एके इंफोसिस प्राइवेट लिमिटेड के नाम कर दीं। अब इस मामले की सुनवाई सुनवाई 17 फरवरी को होगी।






