संताल एक्सप्रेस
पाकुड़। जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक अपने भतीजे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की गुहार लगाते हुए पंचायत सचिव के पैरों में गिरता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार लिट्टीपाड़ा प्रखंड के जामजोरी पंचायत निवासी दिनेश टुडू का आरोप है कि वह पिछले तीन महीने से अपने भतीजे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पंचायत कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि बार-बार आवेदन देने के बावजूद प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया और उन्हें लगातार दौड़ाया जाता रहा।बताया जाता है कि दिनेश टुडू लिट्टीपाड़ा प्रखंड कार्यालय पहुंचे।
वहां पंचायत सचिव को देखते ही वह भावुक हो गए और उनके पैरों में गिरकर जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की गुहार लगाने लगे। इस दौरान कार्यालय परिसर में मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो में युवक को रोते-बिलखते हुए पंचायत सचिव से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की अपील करते देखा जा सकता है। वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठने लगी है।मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से प्रतिक्रिया देते हुए पाकुड़ के उपायुक्त को मामले की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
हालांकि, वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


