वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़)। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बूढ़ीड़ूबा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कथित प्रेम संबंध से नाराज पति और उसके साथियों ने एक विवाहित महिला तथा उसके कथित प्रेमी को न केवल बंधक बनाया, बल्कि उनके कपड़े फाड़कर अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया।इस दौरान बड़ी संख्या में लोग तमाशबीन बने रहे और कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।वीडियो सामने आने के बाद मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 जून की रात महिला का पति अपने कुछ सहयोगियों के साथ महिला और उसके कथित प्रेमी को महिला के मायके से पकड़कर बूढ़ीड़ूबा गांव ले आया।
आरोप है कि रास्ते भर दोनों के साथ दुर्व्यवहार किया गया और गांव पहुंचने के बाद सार्वजनिक रूप से उनका अपमान किया गया।इसके बाद दोनों को गांव के ग्राम प्रधान के घर में कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। घटना की भनक लगने पर रविवार को पुलिस टीम गांव पहुंची, लेकिन ग्रामीणों की भारी भीड़ और विरोध के कारण तत्काल दोनों को मुक्त नहीं कराया जा सका पुलिस गांव में डटी रही और चौथे दिन रणनीति बनाकर पुलिस निरीक्षक अनूप रोशन भेंगरा, एसआई चंदन कुमार सहित पुरुष-महिला पुलिस बल के सहयोग से दोनों को सकुशल अपने कब्जे में लेकर थाना लाई मेडिकल जांच के बाद पीड़िता का बयान दर्ज किया गया।पीड़िता के बयान के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 49/2026 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने पति श्रीजल बेसरा, ग्राम प्रधान मरसी मरांडी समेत पांच नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 66 एवं 67 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना ने कानून व्यवस्था, महिलाओं की गरिमा और सामाजिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.।लोगों का कहना है कि किसी भी विवाद या कथित प्रेम संबंध का फैसला कानून के दायरे में होना चाहिए, न कि भीड़ के जरिए किसी महिला और पुरुष को सार्वजनिक रूप से अपमानित कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।


