रांची । झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में शनिवार को नल जल योजना को लेकर कांग्रेस विधायकों ने सरकार को घेरा। कांग्रेस के तीन विधायकों ने पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद पर विभागीय आंकड़ों में गड़बड़ी का आरोप लगाया, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति बन गई।

मामला कांग्रेस विधायक नमन विक्सल कोंगारी के विधानसभा क्षेत्र कोलेबिरा से संबंधित था। कोंगारी ने अपने सवाल के जवाब में विभाग द्वारा दिए गए आंकड़े को पूरी तरह गलत करार दिया। उन्होंने बताया कि विभाग ने अपने जवाब में कहा है कि कोलेबिरा में 63666 घरों में नल जल योजना के तहत पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य था। इसके विरुद्ध 61783 घरों में पेयजल पहुंचा दिया गया है जो 97 फीसदी उपलब्धि है।
इसके बाद कांग्रेस के विधायक राजेश कच्छप भी सदन में उठ खड़े हुए। उन्होंने कहा कि आंकड़े की बाजीगरी में वह नहीं उलझना चाहते। आंकड़ा ही पूरी तरह गड़बड़ है। हमारे विधानसभा क्षेत्र में भी यही स्थिति है।
फिर भूषण बाड़ा ने सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र में नल जल योजना का मुद्दा उठा दिया। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में 1.21 लाख घरों के विरुद्ध 1.20 लाख घरों में जल पहुंचा देने की बात कही गयी है, लेकिन उनके क्षेत्र में किसी पंचायत के किसी गांव में नल जल योजना का लाभ नहीं मिला है।
अंततः विभागीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद को जांच का आदेश देना पड़ा। योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि वह मामले की जांच करा लेते हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करेंगे। इसके बाद मामला शांत हो गया।
वन भूमि गैर वानिकी कार्यों के लिए नहीं हो सकती हस्तांतरितः सुदिव्य
विधायक कुमार उज्जवल ने शनिवार को सदन में इटखोरी के भद्रकाली मंदिर के सर्वांगिण विकास का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि यह 493 करोड़ की योजना थी। पूर्व की सरकार ने 2017 में जापान की जेआइसीए से फंडिंग प्राप्त करने का निर्देश दिया था। इसके लिए केंद्र और राज्य से कोई राशि आबंटित नहीं की गई है। 167 एकड़ भूमि में 126 एकड़ वन भूमि है। वन भूमि किसी गैर वानिकी कार्यों के लिए हस्तांतरित नहीं की जा सकती। परामर्शी का भी कार्यावधि पूरा हो चुका है। वन क्षेत्र के बाहर पर्यटन स्थल विकसित करने के लिए चतरा डीसी को लिखा गया है।
देवघर में दूर किया जाए पानी संकटः सुरेश पासवान
विधायक सुरेश पासवान ने देवघर शहर में पानी संकट का मुद्दा उठाया। देवघर में पेयजलापूर्ति की 374 करोड़ की योजना है। पुनासी डैम से पानी देना था। अब 2026 में पूरा करने का समय दिया गया है। 78 टैंकर से शहर को पानी दिया जा रहा है। इस संकट को दूर करें।
इस पर मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि इस योजना के टेंडर का निष्पादन तीन जुलाई 2020 को हुआ। यह 287 करोड़ की योजना है। योजना की 68 फीसदी भौतिक प्रगति हो चुकी है। एनओसी लेने में समय लगता है। फिलहाल 78 टैंकर से पानी दिया जा रहा है। 1183 चापानलों को दुरुस्त कर दिया गया है।
अगले वित्त वर्ष में 20 हजार करोड़ का पूंजी निवेश लाएगी सरकार : संजय प्रसाद यादव
झारखण्ड विधानसभा के बजट सत्र किए 16 वें दिन सदन से श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के लिए 10 अरब 85 करोड़ 14 लाख रुपये का अनुदान मांग ध्वनिमत से पारित हुआ। विपक्ष की तरफ से भाजपा विधायक राज सिन्हा ने अनुदान मांग पर कटौती प्रस्ताव लाया था जो खारिज हो गया। विपक्ष के कटौती प्रस्ताव का जवाब देते हुए श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि झारखण्ड सरकार लगातार राज्य के युवाओं को रोजगार देने के लिये कृतसंकल्प है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 96 भर्ती केम्पों एवं 78 रोजगार मेला आयोजन कर 10 हजार 631 युवाओं को रोजगार के लिए चयनित किया गया है।उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार ने राज्य में उद्योग लगाने के लिए हाथी उड़ाया था लेकिन राज्य में उद्योग नहीं लगा।लेकिन हमारी सरकार ने यह तय किया है कि राज्य में ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजन करनेवाली इकाईयों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। एमएसएमई सेक्टर को और कारगर किया जाएगा।स्थानीय शिल्पियों और बुनकरों द्वारा उत्पादित वस्तुओं का झारक्राफ्ट के माध्यम से बिक्री कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि बहुत जल्द मेक इन झारखण्ड निति का गठन किया जाएगा।
श्रम मंत्री ने कहा कि राज्य से पलायन को रोकने के लिए बहुत जल्द सरकार एक ठोस निति बनाने जा रही है साथ ही प्रवासी मजदूरों को लेकर भी सरकार गंभीर है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह तय किया है कि राज्य में रोजगार की ऐसी व्यवस्था की जायेगी कि यहां के युवाओं को रोजगार के लिए अन्य प्रदेशों में नहीं जाना पड़े। राज्य में शुक्ष्म एवं लघु इकाईओं को बढ़ावा देने के लिए झारखण्ड क्रय निति तैयार की गयी है।इससे पहले अनुदान मांग पर कटौती प्रस्ताव लाते हुए भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार ने बजट में सामान्य और आर्थिक प्रक्षेत्रों से मुंह मोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण में स्पष्ट बताया गया है कि शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी की दर बढ़ी है।ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी बढ़ी है।जब ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी घटी है तो ग्रामीण युवा पलायन क्यों कर रहे हैं।लगातार यह खबर आती है कि झारखण्ड के मजदुर की मौत दूसरे प्रान्त में हो गयी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा था कि झारखण्ड से पलायन नहीं होगा लेकिन सच्चाई यह है कि राज्य में पलायन जारी है। सरकार ने घरेलु कामगारों के लिए कठोर कानून बनाने की बात कही थी लेकिन अबतक नहीं बना।
सरकार ने घोषणा किया था कि बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देंगे।आज तक बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला. चर्चा में झामुमो विधायक दशरथ गागराई, सुरेश बैठा, नरेश प्रसाद सिंह, अरूप चटर्जी, कुमार उज्जवल सहित अन्य ने भाग लिया।इससे पहले शनिवार को सदन की कार्यवाही निर्धारित समय से एक घंटे पहले यानि दस बजे से ही शुरू हुई।सदन में लंबित ध्यानाकर्षण प्रस्ताव को लिया गया।
विधायक पूर्णिमा दास ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से जमशेदपुर की 86 बस्तियों का मामला उठाया।उन्होंने कहा कि सरकार इन 86 बस्तियों में रहनेवाले लोगों को मालिकाना हक देना चाहती है या नहीं।उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने वादा किया था कि झामुमो की सरकार बनेगी तो 86 बसती में रहनेवालों को मालिकाना हक दिया जाएगा। जवाब में मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि यह जमीन टाटा की है।इसके बाद भी सरकार ने मानवता के आधार पर उपायुक्त की अध्यक्षता में एक कमिटी बनाकर यहाँ रहनेवाले लोगों को बसाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया था। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मालिकाना हक नहीं मिल सकता है।
विधायक कुशवाहा शशि भूषण मेहता ने अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से राज्य के सभी जिलों में रांची, देवघर और धनबाद के ताज पर प्रेस क्लब खोलने की मांग की। जवाब में प्रभारी मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि सरकार क्रमवार हर जिले में प्रेस क्लब खोलने के लिए निति बनाएगी।विधायक चंद्रदेव महतो ने अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से राज्य सरकार के वैसे राज्यकर्मी जिनकी सेवा अवधि 6-7 साल बची हुई है उन्हें भी गृह निर्माण के लिए अग्रिम राशि देने की मांग की।जवाब में वित्त मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि यह नीतिगत नहीं है।सरकार ऐसे मामले पर कोई विचार नहीं करने जा रही है। विधायक अमित कुमार यादव ने वनांचल आन्दोलनकारियों को भी झारखण्ड आन्दोलनकारियों के तर्ज पर सुविधा और पेंशन देने की मांग की
जवाब में प्रभारी मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने कहा कि झारखण्ड आन्दोलन में जितने लोग जेल गए हैं उनके पहचान का काम अभी भी चल रहा है। विधायक प्रदीप यादव ने केंद्र प्रायोजित योजनाओं में झारखण्ड की राशि को कम करने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्र से राशि कम किये जाने के कारण राज्य सरकार को योजनाओं के क्रियान्वयन में कठिनाई आ रही है।उन्होंने कहा कि बिहार को पिछले 3 वर्षों में एक लाख 65 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं वहीं झारखण्ड को मात्र 66 हजार करोड़ रुपये ही मिले हैं जवाब में वित्त मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि भारत सरकार ने झारखण्ड को केंद्रीय करों के हिस्से से वंचित किया है।
राज्य सरकार लगातार केंद्र सरकार से अपने हिस्से की राशि की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के रोड़े अटकाने के बाद भी झारखण्ड के विकास की गाडी रुकी नहीं है। विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने वर्ष 2009 से 2024 तक राज्य सरकार को मिली ऋण की जानकारी मांगी।जवाब में वित्त मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि वर्ष 2009-2014 तक 20 हजार 825 करोड़, वर्ष 2014-2019 तक 42 हजार 957 करोड़ और वर्ष 2019-2020 तक 9593 करोड़ रुपये ऋण प्राप्त हुए हैं।उन्होंने कहा कि अभी भी झारखण्ड का बजट देश का सबसे अच्छा बजट है।ऋण के मामले में झारखण्ड एफआरबीएम के आंकड़े के हिसाब से देश में अव्वल है।उन्होंने कहा कि सार्वजानिक एवं निजी उपक्रमों पर भी भी एक लाख 36 हजार करोड़ रूपया बकाया है। केंद्र सरकार से इसको लेकर वार्ता जारी है। नहीं मिलेगा तो झारखण्ड न्यायिक कारवाई भी करेगा।
संविदाकर्मियों को स्थायी करे सरकार : जयराम
विधानसभा के बजट सत्र में शनिवार को भोजनावकाश के बाद झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के विधायक जयराम महतो ने सरकार से बिजली विभाग में पिछले 10 वर्षों से संविदा पर काम कर रहे कर्मियों को स्थायी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों के लिए स्माोर्ट मीटर का कोई औचित्य नहीं है। विधायक ने कहा कि बिल अधिक होने पर विभाग बिजली कनेक्शन काटता है और सीधा एफआईआर दर्ज करता है, जबकि विभाग को मुहलत देनी चाहिए। वहीं लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि चतरा के गढ़ा गांव में 14 बिजली के पोल नहीं गाड़े जाने की वजह से पावर ग्रिड को शुरू नहीं किया जा रहा है। सरकार बिजली के पोल को जल्द गाड़ने की प्रक्रिया शुरू करे।
सार्वजनिक उपक्रमों में नहीं हो रही नियुक्तियां : उमाकांत
झामुमो विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि केंद्र सरकार के सार्वजनिक उपक्रमों में कोई नियुक्ति नहीं हो रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती रघुवर सरकार पर जनजातियों की योजना के पैसे को मोमेंटम झारखंड के नाम पर उड़ाने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि रघुवर शासन में 238 एमओयू हुए, लेकिन एक भी उद्योग को धरातल पर नहीं उतारा गया। राज्य की 350 एकड़ जमीन को बड़ी कंपनियों को दे दिया गया।
पावर प्लांट का शिलान्यापस किया, लेकिन चालू नहीं : तिवारी
भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा है मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वर्ष 2014 में भवनाथपुर में पावर प्लांट का शिलान्यास किया था, लेकिन सरकार बताए कि उस पवर प्लांट का क्या हुआ। उन्होंने कहा कि प्लांट को लेकर किसी ने सरकार को फिजिबिलिटी तो जरूर दी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे तो यहां पवन उर्जा के क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं। इसपर सरकार काम करे। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग स्मार्ट मीटर से त्रस्त होकर लोग फिर से ढि़बरी युग में लौटना चाहते हैं। उन्होंंने कहा कि राज्य में बिजली के 116 सबस्टेशन के मुकाबले 100 सबस्टेशन ही हैं। वहीं 35 पावर ग्रिड हैं, जबकि 53 पावर ग्रिड की राज्य में जरूरत है।
विधानसभा में पाइपलाइन परियोजना पर हंगामा, विधायक सीपी सिंह ने सरकार को घेरा
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में शनिवार को भाजपा विधायक सीपी सिंह ने राजधानी रांची में पाइपलाइन बिछाने के कार्य को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एलएनटी नागार्जुन एवं अन्य एजेंसियों द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान अच्छी सड़कों और नालियों को तोड़ दिया गया, लेकिन मरम्मत का काम नहीं हुआ। इससे राजधानीवासियों को भारी परेशानी हो रही है। कई इलाकों में पांच साल पहले पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, लेकिन अब तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हुई है।
इस पर मंत्री सुदिव्य सोनू ने सफाई देते हुए कहा कि योजनाओं को धरातल में उतारने में कई समस्याएं आती हैं। हरमू के जलमीनार को लेकर भी आपत्ति हुई। इस तरह विलंब हो जाता है। एनएचएआई से क्रांसिंग का एनओसी लेना काफी जटिल काम है। क्याेंकि यह भारत सरकार के अधीन आता है।
सीपी सिंह से कहा कि आप भी अपनी विधायी ताकत का इस्तेमाल करें। इस पर सीपी सिंह ने कहा कि मैंने जो पूछा उसे पचा गए। मैं पचने नहीं दूंगा। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में एनएचएआई से चर्चा हुई थी, लेकिन काेई समाधान नहीं मिला।
सीपी सिंह ने कहा कि जुडको की कारस्तानी के कारण सड़क चलने लायक नहीं है। यह अपंग संस्था है। नाली या सड़क को तोड़ा गया, उसे ठीक करें। कालीकरण सड़क पर पीसीसी कर दिया गया है। लगता है भारत-पाकिस्तान का बंटवारा हो गया है। एनएचएआइ को जोड़कर मुहल्लों और बाइलेन का काम कब पूरा होगा।
मंत्री ने कहा कि 10 किलोमीटर में राइडिंग पाइप के लिए एनएचएआइ से एनओसी नहीं मिलने के कारण लंबित है। जल्द पूरा करने का प्रयास करेंगे। जुडको मेरा नहीं कभी आपका भी था। आपके समय भी उसी गति से चलता था।
फर्जी कागजात के आधार पर जमीन का हो रहा बंदरबांटः उमाकांत
विधायक उमाकांत रजक ने चास के तेतुलिया में जमीन का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि 21.41 एकड़ झाड़ जगंल की जमीन पर 31 साल बाद दावा किया गया है। फर्जी कागज के आधार पर बंदरबांट हो रहा है। इसने दावा किया उस समय उसकी उम्र नौ साल थी। जिला प्रशासन ने सूट दायर नहीं किया। बोकारो डीसी ने इस जमीन को प्रतिबंधित सूची से हटा दिया।
इस पर मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि वन विभाग सूट के लिए कोर्ट गया है। विस्तृत जांच के लिए कमेटी बनी थी। कोई ऐसा आरोप नहीं पाया गया। इसलिए कार्रवाई नहीं हुई। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट का निर्णय सरकार के विरुद्ध आया है। सीओ निर्मल टोप्पो को बर्खास्त किया गया है। इस पर तीन महीने के अंदर समीक्षा कर, जो उपाए करना होगा वो करेंगे।
प्लेसमेंट एजेंसियों पर नकेल नहीं कस रही सरकार : राज
विधानसभा के बजट सत्र में शनिवार को श्रम विभाग के कटौती का प्रस्ताव रखते हुए भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा कि राज्य में प्लेसमेंट एजेंसियां मजदूरों का शोषण कर रही हैं। सरकार प्लेसमेंट एजेंसियों पर नकेल नहीं कस रही है। आर्थिक सर्वे के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों के मुकाबले शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी अधिक बढ़ी है। ग्रामीण क्षेत्रों में पलायन के कारण बेरोगारी दर कम है। विधायक ने कहा कि झारखंड में 11 लाख पंजीकृत बेरोजगार हैं जो चिंतनीय है। उन्होंंने सरकार से पूछा कि क्या रेशम उत्पादन का लक्ष्य 1500 मिलियन टन को पूरा किया जा सका। उन्होंने कहा कि राज्य में सिंगल विंडो सिस्टम में पारदर्शिता नहीं है। सरकार के कार्यकाल में कोई भी निवेश नहीं आया। कंपनियां बाहरी लोगों को बुलाकर रोजगार दे रही है।
स्मार्ट मीटर में आ रहा पांच गुणा बिल
विधायक ने कहा कि लोगों को स्मार्ट मीटर से पांच गुणा बिजली बिल आ रहा है। यह शिकायत पूरे राज्य भर से है। प्री-पेड मीटर लगाने का काम भी पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने श्रम विभाग के बजट को शर्म विभाग का बजट करार दिया। विधायक मंजू कुमारी ने भी स्मार्ट मीटर से उनके क्षेत्र में दोगुना बिजली बिल आने की बात कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में लोग स्मार्ट मीटर को उखाड़ कर फेंक रहे हैं।
तसर शिल्क के लिए विशेष पैकेज की हो घोषणा : दशरथ
झामुमो के विधायक दशरथ गगराई ने सरकार तसर शिल्क के लिए विशेष पैकेज देने की घोषणा करने की मांग की। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों को रखा और विपक्ष पर निशाना साधा। विधायक ने कहा कि सरकार ने गरीबों 3500 करोड़ का बिजली बिल माफ किया है। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री पशुओं को प्रेम करते हैं उसी तरह से उन्हेंं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति भी स्नेह प्रदर्शित करना चाहिए।
केंद्र सरकार और निजी उपक्रमों की बकाया राशि की गणना कर सार्वजनिक करेंगेः सुदिव्य
रांची, 22 मार्च (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में वित्तीय मुद्दों पर चर्चा के दौरान मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि केंद्र और निजी उपक्रमों की बकाया राशि की गणना कर रिर्पोट सार्जनिक की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह बकाया राशि 1.36 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। इस बकाया को प्राप्त करने के लिए सदन से, वित्त मंत्री और मुख्यमंत्री के माध्यम से भी प्रसास किया गया। केंद्र का सहयोग नहीं मिलेगा तो परेशानी होगी।
मंत्री सदन में विधायक कल्पना सोरेन के सवाल का जवाब दे रहे थे। कल्पना ने पूछा था कि 2009 से 2014, 2014-2019 और 2019-20 के दौरान कितनी ऋण की प्राप्ति हुई। इस पर मंत्री ने कहा कि जीएसडीपी का 3.5 से भी नीचे हैं। 2.27 ऋण लिया है। कल्याणकारी योजनाओं के लिए पैसे की कमी नहीं है। अभी और 20 हजार करोड़ का ऋण ले सकते हैं।
मंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2008-09 से 2013-14 तक 20,825.63 करोड़, वित्तीय वर्ष 2014-15 से 2018-19 तक 42,956.46 करोड़ तथा वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान 9593.12 करोड़ ऋण प्राप्त हुआ है। वर्त्तमान वित्तीय वर्ष में महालेखाकार के मासिक लेखा के अनुसार जनवरी, 2025 तक 2082.78 करोड़ रुपये ऋण प्राप्त है। वर्त्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 के शेष दिनों में एवं आगामी वित्तीय वर्षों में राज्य सरकार एफआरबीएम एक्ट के अधीन रहते हुए आवश्यकतानुसार ऋण प्राप्त करेगी। सरकार अन्य राज्यों और झारखंड को मिले केंद्रीय करों का एक अध्ययन कराएगी।
विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से (2014 के बाद से) झारखंड के हिस्से में केंद्र द्वारा कहां-कहां कटौती की गई है, उसका अध्ययन कर तथ्यों को पेश करें। मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि राज्य हित में सरकार अन्य राज्यों और झारखंड को मिले केंद्रीय करों का एक अध्ययन कराएगी।
विस्तृत अध्ययन कर रिपोर्ट पेश करेंगे कि विकास किस स्तर तक प्रभावित हुआ। राज्य सरकार अपने प्रशासी विभागों के माध्यम से केंद्र द्वारा लगातार राशि की पिछले तीन वित्तीय वर्ष में मिली राशि का आंकड़ा पेश किया।
2022-23 में – 6767 करोड़
2023-24 में – 6741 करोड़
2024-25 में – 4434 करोड़
अवैध बंदूक फैक्ट्री मामले में कराएं जांचः नागेंद्र महतो
नागेंद्र महतो ने कहा कि बगोदर विधान-सभा क्षेत्र के बेको पश्चिमी पंचायत के ग्राम-घंघरी निवासी रियासत अंसारी के अर्धनिर्मित भवन में वर्ष-2021 में अवैध बन्दूक फैक्ट्री संचालन का खुलासा हुआ है, इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, इस पर मंत्री योगेंद्र प्रताप ने कहा कि ये बंगाल का मामला है। जांच पड़ताल में कोई भी हथियार नहीं मिला। अगर कोई साक्ष्य है तो सरकार कार्रवाई करेगी।
देवेंद्र कुंवर ने की सीबीआई जांच कराने की मांग
देवेंद्र कुंवर ने मधुपुर में सृष्टि भारती हत्याकांड का मामला उठाया। पूरे मामले की जांच सीबीआइ से कराने की मांग की। इस पर मंत्री योगेंद्र प्रताप ने कहा कि इस पर हत्या का मामला दर्ज हुआ है। अनुसंधान में हत्या के नीयत की बात नहीं आई। आरोपित को बचाने को प्रयास नहीं किया गया है। इस पर सीपी सिंह ने कहा कि अगर आज के लिए में कोई उसकाने पर सुसाइड कर लेता है तो कार्रवाई होती है। इस पर मंत्री ने कहा कि अगर आवश्कता होगी को केस रिओपेन करेंगे।
सदन के अंदर फ़ोन पर बात कर रहे मंत्री का मोबाइल जब्त
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन में एक अनाेखी घटना देखने को मिली। मंत्री हफीजुल हसन सदन में ही फोन पर बात कर रहे थे। इस दौरान अपनी बात रख रहे कांग्रेस विधायक ने प्रदीप यादव ने टोक दिया, जिसके बाद स्पीकर ने मंत्री का फोन जब्त कर लिया।
झारखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव सरकार से सवाल पूछ रहे थे। मंत्री सुदिव्य सोनू प्रदीप यादव को जवाब दे रहे थे। इस दौरान मंत्री हफिजुल हसन फोन पर किसी से बात करने लगे। प्रदीप यादव बीच में रुके और कहा मंत्री हफिजुल आप फोन पर बात कर रहे हैं इससे मुझे दिक्कत हो रही है। तभी विधानसभा अध्यक्ष ने पूछा कि कौन मंत्री फ़ोन पर बात कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि हेमलाल मुर्मू ने भी फोन से दिक्कत होने की बात कही थी और आज फिर ऐसा हुआ। इसलिए फोन को जमा कीजिए। साथ ही अध्यक्ष ने सभी मंत्री और विधायकों से कहा कि चलते सदन के दौरान वह फोन लेकर न आयें तो अच्छा होगा।





