●अपनी जमीन के अधिकार के लिए आदिवासी आज भी कर रहे हैं संघर्ष
●एसपीटी एक्ट के रहते संताल परगना में हड़पी जा रही आदिवासियों की जमीन
●बड़ी संख्या में ऐसे आदिवासी परिवार जिनके पास नहीं है अपनी जमीन का कागज
●कोयला खदानों और पत्थर खदानों के लिए बड़े पैमाने पर ली गई हैं आदिवासियों की जमीन
सुमन सिंह
दुमका । 11अप्रैल को ऐतिहासिक संथाल हूल के महानायक सिदो मुर्मू की 210 वीं जयंती है।झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहेट प्रखंड के भोगनाडीह गांव में 11 अप्रैल 1815 को सिदो मुर्मू का जन्म हुआ था।सिदो मुर्मू अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे।
महाजनों और अंग्रेजों के शोषण के विरुद्ध सिदो मुर्मू ने अपने छोटे भाई कान्हु मुर्मू के साथ मिल कर 10 हजार संथाल आदिवासियों को संगठित कर 30 जून 1855 को विद्रोह का बिगुल फूंक दिया था जो इतिहास के पन्नों में संथाल हूल के नाम से विख्यात है।संथाल हूल की महत्ता को आप इसी तथ्य से समझ सकते हैं कि कार्ल मार्क्स ने अपनी पुस्तक नोट्स ऑन इंडियन हिस्ट्री में 1855 के संथाल हूल(विद्रोह) को भारत की पहली संगठित जन क्रांति कहा है।यह सच भी है।भारत के कई इतिहासकारों ने 1857 के सिपाही विद्रोह को भारत का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के रूप में उल्लेख किया है जबकि 1857 से दो साल तत्कालीन बंगाल(वर्तमान झारखंड) में सिदो मुर्मू और उनके भाई कान्हु मुर्मू के नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ संथाल हूल हो चुका था।संथालों का यह विद्रोह अंग्रेजों के राजस्व वसूली में कई जा रही धांधली और महाजनों द्वारा संतालों के हो रहे शोषण के विरुद्ध प्रतिक्रिया स्वरूप शुरू हुई थी।
दरअसल जमींदार और साहूकार महाजनों ने ईस्ट इंडिया कंपनी के लिए काम करते हुए स्थानीय अर्थव्यवस्था और प्रशासन को अपने कब्जे में ले लिया था।संतालों को बहुत ऊंचे ब्याज दरों पर कर्ज देते थे पर जब आदिवासी कर्ज वापस करने में असमर्थ होते तो जबरन उनकी जमीनें ले ली जाती थी।अपनी ही जमीन उन्हें बंधुआ मजदूरी करने पर विवश किया जाता था।संतालों के शोषण के विरुद्ध सिदो मुर्मू और उनके भाई कान्हु मुर्मू ने अपने दो और छोटे भाइयों के साथ मिल कर 10 हजार संतालों को संगठित कर महाजनों और अंग्रेजों के खिलाफ जो विद्रोह किया था,उसका केंद्र संताल परगना था पर विद्रोह की चिंगारी वीरभूम, मुर्शिदाबाद, भागलपुर और मुंगेर तक फैल गई थी।शुरुआत में संथाल विद्रोहियों को सफलता मिली पर अंग्रेजी हुकूमत की रणनीति और अंग्रेज सिपाहियों के बंदूक के आगे तीर-धनुष से लैस संताल विद्रोही बहुत दिनों तक नहीं टिक सके।संथाल हूल के दौरान करीब 15000 से अधिक संथाल विद्रोहियों की जान गई।अनगिनत संताल परिवारों को बेघर होना पड़ा था।
अंग्रेज संथाल हूल को दबाने में सफल जरूर हो गए पर अंग्रेज शासकों को इस इलाके में प्रशासनिक सुधारों पर अमल करने पर विवश होना पड़ा।संथाल हूल के बाद कई कानून बनाए गए।इनमें संतालों को उनकी जमीन पर अपने अधिकारों को संरक्षण देने वाले कानून शामिल है।संथाल परगना रेगुलेशन 3,1908 बना जिसके तहत संथालों की जमीन के हस्तांतरण पर पूर्ण रोक का प्रावधान किया गया।संथाल क्षेत्र के लिए अलग संताल परगना जिला का गठन किया गया।
संथाल हूल के महानायक सिदो मुर्मू की जयंती के अवसर पर उन्हें नमन करने के साथ यह मंथन करने की आवश्यकता भी है कि संथाल हूल का जो मकसद था,वह किस हद तक पूरा हुआ।क्या आदिवासियों के शोषण का दौर पूरी तरह से समाप्त हो गया,या आज भी बहुत हद तक कायम है।जल, जंगल, जमीन,आदिवासी अस्मिता और उनकी संस्कृति के संरक्षण की आज क्या स्थिति है।सच तो यही है कि जमीन पर अधिकार के लिए और कई तरह से हो रहे शोषण के विरुद्ध आदिवासियों का संघर्ष आज भी जारी है।संताल परगना काश्तकारी कानून (एसपीटी एक्ट) के रहते संताल परगना में आदिवासियों की जमीन हड़पे जा रहे हैं।संताल परगना में बड़ी संख्या में ऐसे आदिवासी परिवार हैं जिनके पास अपनी जमीन का कागज नहीं है जबकि कई पीढ़ियों से जमीन उनके कब्जे में है।संताल परगना में खुल रहे कोयला खदानों और पत्थर खदानों के साथ ही अन्य औद्योगिक विकास के नाम पर बड़े पैमाने पर आदिवासियों की जमीनें ली गई हैं। जमीन चले जाने से आदिवासी परिवारों के समक्ष अस्तित्व का संकट है।रोजगार की तलाश में हर साल बड़े पैमाने पर आदिवासियों का पलायन हो रहा है।संताल परगना में आदिवासी समुदाय के बीच शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी भी जगजाहिर है।सिदो मुर्मू की जयंती पर हमारे नेताओं और समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों को संताल परगना के आदिवासियों के वर्तमान सवालों और संघर्षों को पर मंथन करने की आवश्यकता है ताकि उनकी समस्याओं समाधान की दिशा में सार्थक पहल हो सके।





