संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़)। अंचल क्षेत्र के आलूबेड़ा अंतर्गत पचुवाड़ा सेंट्रल कोल ब्लॉक के अधीन वर्ष 2015 तक कोयला खनन एवं परिवहन का कार्य कर रही तत्कालीन कोयला कंपनी पैनम कोल माइंस लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक रहे स्व दीनानाथ शरण की शनिवार को पंद्रहवीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान आमिरजोला स्थित दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के प्रशासनिक कार्यालय परिसर में स्थापित स्व दीनानाथ शरण की आदमकद प्रतिमा पर पीएसपीसीएल के माइंस एजेंट राकेश कुमार सिंह, डीबीएल के सीनियर एचआर प्रिंस कुमार, नृपेंद्र सिंह, संजय दास, शेखर पाल सहित अन्य कर्मियों ने माल्यार्पण पर उन्हें नमन किया। वहीं सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा। मौके पर बीजीआर के पदाधिकारी जेम्स मुर्मू ने कहा कि स्व. शरण के निर्देशन में अमड़ापाड़ा में कोल खनन की शुरुआत हुई थी। पैनम कोल परियोजना में उनका योगदान अतुलनीय था। अब मात्र उनकी स्मृति ही शेष है। मालूम हो कि 12 अक्टूबर 2009 को छोटा पहाड़पुर गांव के निकट पैनम के भूतपूर्व कार्यकारी निदेशक स्व. शरण एवं शीतल प्रसाद की मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


