यूपी में लगे जस्टिस वर्मा गो बैक के नारे
इलाहाबाद में वकील हड़ताल पर गए, बोले हाईकोर्ट में ऐसे जज को बैठने नहीं देंगे
प्रयागराज । सुप्रीम कोर्ट की आंतरिक समिति ने दिल्ली हाईकोर्ट के जज के घर पर कथित तौर पर भारी मात्रा में कैश की बरामदगी मामले में जांच शुरू कर दी है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त आंतरिक समिति के तीन सदस्यों की टीम जांच के लिए पहुंची। मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों सदस्य की टीम में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी एस संधावालिया और कर्नाटक उच्च न्यायालय की न्यायाधीश अनु शिवरामन शामिल हैं। जो न्यायमूर्ति वर्मा के आधिकारिक आवास पर पहुंचे। वहीं कैश कांड में फंसे जस्टिस यशवंत वर्मा का दिल्ली हाईकोर्ट से इलाहाबाद हाईकोर्ट ट्रांसफर किए जाने पर वकील अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। मंगलवार सुबह से इलाहाबाद हाईकोर्ट के बाहर वकील यज्ञ और हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। वकीलों ने कहा कि ये यज्ञ इसलिए कर रहे हैं कि सुप्रीम कोर्ट के वकीलों को सद्बुद्धि आए। हम किसी भी हाल में यशवंत वर्मा को हाईकोर्ट में बैठने नहीं देंगे। इलाहाबाद हाईकोर्ट के बाहर कई मंच लगाकर वकील प्रदर्शन कर रहे हैं। वकीलों के प्रदर्शन से करीब 10 हजार केस की आज सुनवाई नहीं हो पा रही है। उधर, वाराणसी में कोर्ट के बाहर वकीलों ने झाड़ू लगाई। ‘जस्टिस वर्मा गो बैक’ के नारे लगाए। बता दें कि 14 मार्च को जस्टिस वर्मा के बंगले पर एक रूम में आग लगी। इसके बाद नोटों के कई बंडल जले होने का वीडियो सामने आया। करीब 15 करोड़ कैश की आशंका जताई गई। फिर 20 मार्च को जस्टिस वर्मा का ट्रांसफर इलाहाबाद हाईकोर्ट करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके विरोध में इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने सीजेआई और कॉलेजियम को एक लेटर भेजा। इसमें लिखा- यह कोई कूड़ेदान नहीं है।






