– चुनावी मैदान में बचे 40 उम्मीदवार
गोड्डा : जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र से निर्वाची पदाधिकारी द्वारा किए गए स्क्रूटनी के बाद नामांकन दाखिल करने वाले 45 प्रत्याशियों में 05 नामांकन रद्द हुए, वहीं अब कुल 40 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। स्क्रूटनी में गोड्डा से कुल 4 व महागामा से एक का नामांकन रद्द किया गया है जबकि पोड़ैयाहाट से एक भी नामांकन रद्द नही हुए। अब नाम वापसी के पश्चात ही उम्मीदवारों की सही उपस्थित दर्ज हो पाएगी। गोड्डा से नामांकन रद्द होने वालों में सभी निर्दलीय उम्मीदवार हैं, जिसमें नलिनी धर सहाय, अरविंद रामदास, इंद्रजीत शर्मा, प्रीतम सिंह हैं। चारों का अलग-अलग आधार बनाकर अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी, गोड्डा, बैजनाथ उरांव ने नामांकन रद्द किया है। वहीं महागामा विधानसभा क्षेत्र में होने वाले चुनाव को लेकर निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ कार्यालय में हुई स्क्रूटनी के दौरान विश्व शक्ति पार्टी के प्रत्याशी तौकीर उस्मानी का पर्चा रद्द किया गया और 10 प्रत्याशियों का नामांकन पर्चा वैध पाया गया। स्क्रूटनी के दौरान 11 प्रत्याशियों के समक्ष नामांकन पर्चा की जांच निर्वाची पदाधिकारी आलोक वरण केसरी द्वारा की गयी।
महागामा विधानसभा से 10 प्रत्याशी मैदान में
इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडे सिंह, भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार भगत, एआइएमआइएम प्रत्याशी कामरान खान, झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा से जवाहरलाल यादव, निर्दलीय मोहम्मद खुर्शीद आलम, निर्दलीय मोहम्मद शाहजहां आलम, निर्दलीय कृष्ण मोहन चौबे, निर्दलीय हारुण रशीद, बहुजन मुक्ति पार्टी से मोहम्मद मुकर्रम अंसारी, मेरा अधिकार राष्ट्रीय दल से पवन कुमार तुरी का नामांकन पर्चा वैध पाया गया। वहीं स्क्रूटनी के संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी ने बताया कि विश्व शक्ति पार्टी के प्रत्याशी तौकीर उस्मानी के पर्चा में शपथ पत्र का कॉलम खाली रहने के कारण नामांकन रद्द हुआ है। समय देने के बाद भी शपथ पत्र प्रत्याशी द्वारा जमा नहीं किया गया, जिस वजह से नामांकन रद्द हुआ है।
गोड्डा विधानसभा से 17 प्रत्याशी मैदान में
वहीं गोड्डा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अमित कुमार मंडल, राजद प्रत्याशी संजय प्रसाद यादव, जेकेएलएम प्रत्याशी परिमल कुमार ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी राम तुरी, निर्दलीय प्रत्याशी दिलीप कुमार साह, निर्दलीय प्रत्याशी शाहिद राजा, निर्दलीय प्रत्याशी रजनीश भारती, बहुजन मुक्ति पार्टी प्रत्याशी शंभु पंडित, निर्दलीय प्रत्याशी प्रखर कुमार, सोशलिस्ट यूनिटी ऑफ इंडिया कम्यूनिष्ट पार्टी के प्रत्याशी राजू कुमार, निर्दलीय प्रत्याशी हेमकांत ठाकुर, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रत्याशी बलराम पासवान, समता पार्टी प्रत्याशी नूर हसन, आजाद समाज पार्टी कांशीराम प्रत्याशी रंजीत कुमार, निर्दलीय प्रत्याशी निरंजन प्रसाद यादव, जागरूक जनता पार्टी प्रत्याशी ज्ञानेश्वर झा शामिल हैं।
पोड़ैयाहाट विधानसभा से 13 प्रत्याशी चुनावी रेस में
पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप यादव, भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र नाथ सिंह, निर्दलीय प्रत्याशी मुकेश टुडू, निर्दलीय प्रत्याशी ठाकुर विक्रम सिंह, बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी संजय यादव, लोकहित अधिकार पार्टी प्रत्याशी जयप्रकाश दास, जेकेएलएम प्रत्याशी प्रवीण कुमार, निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र पंडित, सीपीआइ प्रत्याशी रामचंद्र हेम्ब्रम, निर्दलीय प्रत्याशी बाबूलाल टुडू, निर्दलीय प्रत्याशी जेवीयर यादव, निर्दलीय प्रत्याशी मुकेश कुमार झा, निर्दलीय प्रत्याशी बाबूलाल टुडू चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।


