चंदन मिश्र
झारखंड का सत्तारूढ़ क्षेत्रीय दल झारखंड मुक्ति मोर्चा अपने नए कलेवर में बदलने के साथ ही पार्टी के हेमंत युग का आज से शुभारम्भ हो गया है। शिबू सोरेन युग अब इतिहास के दस्तावेज का हिस्सा बन चुका है। लगभग पांच दशक तक झारखंड की राजनीति के केंद्र में रहनेवाले शिबू सोरेन उर्फ गुरुजी खबरों के केंद्र में सदैव बने रहे। आधा दर्जन से ज्यादा अवसर पर लोकसभा, तीन बार राज्यसभा सदस्य और केंद्रीय कोयला मंत्री बनने के अलावा गुरुजी को तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री बनने का भी अवसर मिला। हालांकि वह लंबे समय तक न केंद्र में मंत्री रह पाए और न ही राज्य के मुख्यमंत्री। गुरुजी एक सच्चे और संघर्षशील जननेता रहे, जमीन के नेता रहे। उनका लंबा संघर्षमय जीवन आज भी झारखंड की राजनीति अतुलनीय और भिन्न रहा है। उन्होंने आमजन के लिए संघर्ष किया। अलग राज्य की लड़ाई उनके तन, मन और प्राण में बसा हुआ था। उनके इस संघर्ष में कई जुझारू साथी आए, जुड़े, साथ चले और जिंदगी की दौड़ में बहुत दूर चले गए। झामुमो के संस्थापक विनोद बिहारी महतो, एके राय, निर्मल महतो,शैलेन्द्र महतो, सुनील महतो, साइमन मरांडी, स्टीफन मरांडी, टेकलाल महतो, सूरज मंडल सहित दर्जनों नेताओं का साथ मिला। कई नेता साथ चले, कुछ दूर तक चले, कुछ जिंदगी भर साथ चले और कई आज भी गुरुजी की छाया में राजनीति कर रहे हैं। अलग राज्य के संघर्ष में कई कहानियां जुड़ीं। कुछ खट्टी, कुछ मीठी और बहुत तीखी। गुरुजी को कई बार जेल की यात्रा करनी पड़ी। झारखंड आंदोलन का पहला पड़ाव अलग राज्य बनने के साथ ही पूरा हो गया। झारखंड मुक्ति मोर्चा पिछले तीन दशक से गुरुजी के नेतृत्व में पुष्पित पल्लवित होता रहा। इस बीच गुरुजी ने अपने परिवार के सदस्यों को राजनीति का पाठ पढ़ाना शुरू किया। पहले अपने बड़े पुत्र दुर्गा सोरेन को विधायक बनवाया। दुर्गा सोरेन गुरुजी के राजनीतिक उत्तराधिकारी थे। लेकिन उनके असमय निधन से पारिवारिक ताना बाना उलझ गया। दुर्गा सोरेन की जगह उनकी धर्मपत्नी सीता सोरेन ने राजनीतिक उत्तराधिकार पाया। सीता सोरेन विधायक बनीं । लेकिन इस दौरान परिवार में राजनीति का एक ऐसा पौधा तैयार हो रहा था, जिसके बारे में लोगों को उम्मीद नहीं थी कि वह आनेवाले दशक में झारखंड की सियासत में एक नया इतिहास लिखनेवाला होगा। हेमंत सोरेन पहले राज्यसभा के लिए चुने गए। फिर वह विधानसभा के लिए चुने गए। गुरुजी जब तीसरी बार मुख्यमंत्री पद से हटे, उसके बाद हेमंत सोरेन राजनीति में अपनी नई पारी खेलने को तैयार हो चुके थे। सबसे पहले अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में बनी भाजपा झामुमो गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री बने। फिर राजनीति की ऐसी चाल चले कि सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी पर पहुंच गए। मुख्यमंत्री के रूप में पहले तेरह महीने का कार्यकाल में हेमंत सोरेन ने एक कुशल प्रशासक और चतुर राजनीतिक की छाप छोड़ चुके थे। 2014 में हेमंत सोरेन नेता प्रतिपक्ष बने और पार्टी की कमान भी धीरे धीरे अपने हाथों में ले ली। फिर आया 2019 का साल। विधानसभा चुनाव के ठीक पहले पूरे राज्य में राजनीतिक यात्रा निकाली और चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को परास्त कर सत्ता पर काबिज हो गए। कांग्रेस और अन्य छोटे दल भी उनके सहारे चुनावी नैया पार कर लिए। पांच साल 2019 से 2024 तक शासन चलाया और राजनीति के हर उतार चढ़ाव को झेलते हुए हेमंत सोरेन एक परिपक्व राजनेता बनकर उभरे। 2024 के लोकसभा चुनाव में भले वह मैदान में नहीं उतर पाए, लेकिन उनकी सियासी रणनीति और उनकी सहधर्मिणी कल्पना सोरेन ने मिलकर लोकसभा की पांच आदिवासी सीटों पर न सिर्फ कब्जा किया, बल्कि कांग्रेस का भी ग्राफ बढ़ाया। हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए और जब बाहर आए, तब हीरो बनकर उभरे। विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा को एक बार फिर पटकनी दी। भाजपा को लगातार दूसरी बार हराकर सत्ता पर काबिज हुए। उनकी पत्नी कल्पना सोरेन झामुमो में एक सशक्त नेता बनकर उभरीं।
इधर सत्ता पर अपनी मजबूत पकड़ बनाने के साथ अपनी पार्टी पर भी पूरी मजबूती के साथ नियंत्रण किया। उनके नेतृत्व को उनके नेताओं और समर्थकों ने खुलकर साथ दिया। हेमंत सोरेन अब पूरी तरह अपने दल के अंदर सबसे चमकदार और भरोसेमंद चेहरे साबित हो चुके हैं। पार्टी ने उन्हें संगठन की पूरी जिम्मेदारी सौंप दी है। लिहाजा आज से झामुमो में हेमंत सोरेन की अगुवाई में नए युग का शुभारम्भ हो चुका है।






