नई दिल्ली । कम बजट वाला नया ईवी स्कूटर सोकुडो एक्यूट 2.2 लांच किया है जो 100 किलोमीटर की रेंज वाला है, जो कि एक लाख रुपए कीमत में उपलब्ध है। कंपनी ने इसे आधुनिक डिजाइन, लंबी रेंज और उन्नत सुविधाओं के साथ खासकर शहर के दैनिक आवागमन के लिए उतारा है। दावा है कि यह स्कूटर एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 100 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है, जो रोजाना कार्यालय या कॉलेज जाने वालों के लिए सुविधाजनक है। इसमें 2.2 किलोवाट-घंटा की एलएफपी बैटरी है, जिसे पूरी तरह चार्ज होने में लगभग 4 से 5 घंटे लगते हैं।
स्कूटर को 2300 वॉट की ब्रशलेस डीसी हब मोटर शक्ति देती है, जो अधिकतम 70 किलोमीटर प्रति घंटा की गति तक पहुंचने में सक्षम है। ड्राइविंग अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इसमें इको, नॉर्मल और स्पोर्ट जैसे तीन राइडिंग मोड दिए गए हैं। पार्किंग या संकरी जगहों पर आसानी के लिए रिवर्स मोड भी उपलब्ध है। डिजाइन की बात करें तो, सोकुडो एक्यूट 2.2 में गोल एलईडी हेडलाइट, आकर्षक एलईडी लाइटें, बड़ा टेललैंप और एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है।
इस डिस्प्ले पर गति, बैटरी स्तर और तय की गई दूरी जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से देखी जा सकती हैं। आराम और सुरक्षा के लिए इसमें 12 इंच के ट्यूबलेस अलॉय व्हील, सामने डिस्क ब्रेक और 165 मिलीमीटर का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है। इसका कुल वजन 102 किलोग्राम है, जिससे इसे शहर में नियंत्रित करना आसान रहता है। कंपनी बैटरी पर 3 साल और मोटर पर 30,000 किलोमीटर तक की वारंटी भी दे रही है, जिससे शुरुआती रखरखाव की चिंता कम होती है।


