ठाकुर गंगटी(गोड्डा) ठाकुर गंगटी प्रखंड क्षेत्र में मोबाइल हैकर पूर्ण रूप से पांव पसार चुका है। पिछले 15 दोनों में करीब दर्जन भर उपभोक्ताओं का मोबाइल हैकर द्वारा हैक किया जा चुका है। हैकर द्वारा नए-नए तरीके से उपभोक्ताओं के मोबाइल को हैक किया जा रहा है। कभी कई प्रकार का एप्लीकेशन भेज कर तो कभी अलग-अलग ढंग से पी डी एफ भेज कर, कभी प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना,तो कभी मैईया सम्मान योजना, तो कभी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आदि पंजाब नेशनल सहित कई बैंकों का लोगो लगाकर तरह-तरह का गलत पी डी एफ भेजा जा रहा है। मंगलवार को लगभग संध्या 4:00 बजे ठाकुर गंगटी प्रखंड के उत्तरी क्षेत्र जिला परिषद समाजसेवी निरंजन कुमार पोद्दार के मोबाइल पर हैकरों द्वारा पंजाब नेशनल बैंक का लोगो लगाकर गलत ढंग से पी डी एफ भेजा जा रहा था। फिर देर संध्या के समय दैनिक जागरण के संवाददाता के मोबाइल पर भी उसी प्रकार का गलत एप्लीकेशन और पी डी एफ लगातार भेजा जाने लगा।दोनों के मोबाइल का व्हाट्सएप सहित कई आवश्यक एप आदि हैक कर उड़ा दिया गया। इसके अलावे भी पूर्व में युवा शक्ति संघ मोरडीहा के अध्यक्ष राजकुमार पासवान सहित कई लोगों के मोबाइल को हैकर द्वारा हैक कर काफी छेड़छाड़ किया जा चुका है। मंगलवार से लेकर बुधवार तक में करीब दर्जन भर से अधिक उपभोक्ताओं के मोबाइल में गलत प्रकार का एप्लीकेशन और पी डी एफ भेजा जाते रहा है।संवाददाता द्वारा इस संबंध में ठाकुर गंगटी थाना में सन्हा भी दर्ज कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।



