दुमका । वीणा मेमोरियल डिस्ट्रिक्ट लीग ए डिवीजन 2025-26 का दूसरा मुकाबला रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुंचा, जहाँ मो. उमर के धमाकेदार ऑलराउंडर प्रदर्शन के दम पर एलएजी कैंप क्लब ने एलएजी एकेडमी बी को 7 रनों से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में शानदार आगाज़ किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एलएजी कैंप क्लब ने 30.3 ओवरों में 193 रन बनाए। टीम की पारी को मजबूती दी मो. उमर ने, जिन्होंने दबाव भरे क्षणों में 54 रनों की शानदार पारी खेली। गेंदबाजी में एलएजी एकेडमी बी की ओर से देवराज गुप्ता ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलएजी एकेडमी बी की टीम आखिरी ओवरों तक संघर्ष करती रही, लेकिन पूरी टीम 186 रनों पर सिमट गई। देवराज गुप्ता ने बल्लेबाजी में भी 36 रन जोड़कर मैच को रोमांचक बनाए रखा। हालांकि, एलएजी कैंप क्लब के मो. उमर ने गेंद से कहर बरपाते हुए 5 विकेट झटक लिए और विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
इस रोमांचक जीत के साथ एलएजी कैंप क्लब ने लीग में मजबूत दावेदारी पेश की। मो. उमर को उनके शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार जिला क्रिकेट संघ दुमका के अध्यक्ष भास्कर अजीत सिंह ने प्रदान किया। इस मौके पर संघ के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे, जिन्होंने मैच का भरपूर आनंद उठाया।
लीग का रोमांच जारी है। आज मंगलवार को तीसरा मुकाबला ब्लैक डमकांस और जूनियर कैंप के बीच खेला जाएगा, जिसमें दर्शकों को एक और हाई-वोल्टेज मुकाबले की उम्मीद है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


