पोड़ैयाहाट : विधायक प्रदीप यादव ने प्रखंड मुख्यालय में अत्याधुनिक विवाह भवन निर्माण का भूमि पूजन किया। इस अत्याधुनिक विवाह भवन की कुल लागत 2 करोड़ 49 लाख 65 हजार आएगी। इस अत्याधुनिक विवाह भवन में पुस्तकालय व जिम भी सम्मिलित है। भूमि पूजन के अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि वे पोड़ैयाहाट की विकास के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने विकास की जो दीपक पोड़ैयाहाट विधानसभा में जलाई है वह बुझना नहीं चाहिए। आने वाले समय में विधानसभा चुनाव होने वाला है, आप सभी मतदाता सोच समझकर मतदान करेंगे। आप सभी ने मुझे इतनी ऊंचाई दी है मुझे अब और कुछ नहीं चाहिए। बस सिर्फ एक ही चिंता है की पोड़ैयाहाट के विकास के लिए जो लौ जलाई है वो सदैव जलती रहे। उन्होंने कहा कि बहुत दिनों से लोग कह रहे थे कि पुराना विवाह भवन जर्जर हो गया है उसे नया बनवाया जाए। जिसके लिए काफी प्रयास किया और आखिरकार सफलता मिल गई। यह विवाह भवन अत्यधिक होगा इसमें पुस्तकालय, जिम सभी कुछ होंगे जिससे यहां के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रखंड मुख्यालय में प्लस टू की पढ़ाई शुरू करना डिग्री कॉलेज की स्थापना, इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई कॉलेज सहित शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। मैं चाहता हूं कि आने वाले समय में प्लस टू में प्राईमरी टीचर्स ट्रेनिंग हो। वहीं डिग्री कॉलेज में बीएड की पढ़ाई शुरू हो, यहां के बच्चों को कहीं बाहर नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि सिर्फ यहां ही नहीं बल्कि सरैयाहाट प्रखंड में भी डिग्री कॉलेज की मंजूरी कराई है। उन्होंने गठबंधन की सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि यह सरकार आम लोगों के हित में काम कर रही है चाहे बिजली बिल माफी हो, किसानों की ऋण माफी हो चाहे मंईयां सम्मान योजना हो। उन्होंने आम लोगों से विकास के नाम पर आने वाले चुनाव में मतदान करने की अपील की। अजीत महात्मा, बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू, समाज सेवी श्यामानंद वत्स ने भी विधायक के कार्यों के सराहना करते हुए इंडोर स्टेडियम, चिल्ड्रन पार्क आदि के संबंध में बताते हुए कहा कि यह प्रखंड मुख्यालय के लिए अनमोल तोहफा है। गोड्डा जिला के किसी भी प्रखंड में इस तरह की ना तो इंडोर स्टेडियम है, ना ही चिल्ड्रन पार्क है। उक्त समारोह का संचालन प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष शर्मा ने किया। मौके पर दीप नारायण भगत, अरुण साह, डब्लू भगत, प्रभाकर भगत, रजनीश कुमार, आनन्द मोहन कर, खुदीराम कर, विजय दे, अक्षय दे, गोपाल दे सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


