बजट सत्र में सरकार की हुई किरकिरी, प्रदीप यादव के सवाल का जवाब नहीं दे पाए मंत्री
चंदन मिश्र

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र के पांचवें दिन प्रश्नकाल के दौरान सरकार के पेयजल स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद सत्ताधारी दल के विधायकों से ही घिर गए। अव्वल तो मंत्री विधायक प्रदीप यादव के एक सवाल का अंतिम तक जवाब नहीं दे पाए, दूसरे सदन में मौजूद सत्ताधारी दल के आधा दर्जन वरिष्ठ विधायकों ने भी प्रदीप यादव के सवाल और मांग का समर्थन करते हुए मंत्री की जबरदस्त घेराबंदी कर दी। प्रदीप यादव सहित सभी सदस्य आरोपी अभियंताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मंत्री योगेंद्र प्रसाद बार बार इसे टालते हुए कार्रवाई के लिए सदन से समय मांग रहे थे। बुधवार को बजट सत्र के पांचवें दिन अल्पसूचित प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने विभाग से जुड़े एक वित्तीय घोटाले का मामला उठाया। स्वर्णरेखा परियोजना से संबंधित कार्य को लेकर एलएनटी कंपनी को भुगतान करने की बजाय मुख्य अभियंता, कार्यपालक अभियंता और नीचे के अधिकारियों कर्मचारियों ने करोड़ों रुपए अपने बैंक खाते में डाल दिए। सरकार के वित्त विभाग ने पूरे मामले की जांच के बाद यह वित्तीय घोटाला उजागर किया। वित्त विभाग की इस जांच और विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा के लिखित जवाब पर ही विधायक प्रदीप यादव अभियंताओं पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस संबंध में कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव ने हस्तक्षेप करते हुए इसे काफी गंभीर मामला बताया। उन्होंने मंत्री से आरोपी अभियंताओं पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग दोहराई। झामुमो के मथुरा महतो, हेमलाल मुर्मू और भाजपा के नवीन जायसवाल ने भी विधायक प्रदीप यादव की मांग का समर्थन कर आरोपी अभियंताओं के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने भी सदन का मिजाज भांपते हुए पेयजल स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद से आरोपियों पर कार्रवाई करने या इस संबंध में ठोस जवाब देने को कहा। लेकिन मंत्री योगेंद्र प्रसाद घुमा फिराकर एक ही जवाब दे रहे थे। उनके जवाब से प्रश्नकर्ता प्रदीप यादव सहित कांग्रेस और झामुमो के विधायकों ने भी असहमति जताई। अंत में स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने इस सवाल को अगले दिन के लिए स्थगित कर दिया।





