नगर क्षेत्र के सैकड़ों घरों में घुसा बारिश का पानी, लोग परेशान
गोड्डा : जिले में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश से एक तरफ जहां कझिया नदी, गेरुआ नदी आदि अन्य नदियां उफान पर है तो वहीं दूसरी तरफ जिला मुख्यालय में सैकड़ो घर पानी में डूब गए हैं। वहीं नदियों की बात करें तो कझिया, गेरुआ, चीर नदी के अलावा कई अन्य नदियां उफान पर हैं। कुछ नदियों के पुल पर भी पानी का तेज बहाव चल रहा है। बसंतराय नदी में पुल के उपर से पानी का बहाव हो रहा है। इस कारण लोगों का आवागमन बाधित हो गया है पर कुछ लोग इसकी परवाह किए बिना पैदल और गाड़ियों से पानी के तेज बहाव में पुल पार कर रहे हैं और घटना को आमंत्रित कर रहे हैं, यह काफी खतरनाक है।
मुख्यालय के कई घरों में घुसा बर्षा का पानी
मालूम हो कि पिछले तीन- चार दिनों से हो रही बारिश के परिणाम स्वरूप जिला मुख्यालय के कई मुहल्लों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। शहर के बीचों-बीच स्थित कई मोहल्ले में जल जमाव की स्थिति बनी हुई है और कई घर पानी में डूब गए हैं। वहीं बिजली ऑफिस के सामने स्थित राजकुमार नगर मोहल्ले के सैकड़ो घरों के पानी में डुब जाने से जहां त्राहिमाम की स्थिति बनी हुई है वही जल जमाव के कारण लोग अपने-अपने घरों को छोड़कर दूसरे घरों में शरण लिए हुए हैं। मोहल्ला वासियों ने बताया कि पिछले वर्ष भी भारी बारिश के कारण सैकड़ो घर पानी में डूब गए थे जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था बावजूद स्थानीय जनप्रतिनिधि द्वारा उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया गया जिससे आज स्थिति भयावह बन गई है। मोहल्ला वासियों ने बताया कि पिछले एक वर्ष में उनकी समस्याओं को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि और सरकारी पदाधिकारी के अनदेखी के कारण पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की जा सकी जिससे आज लोगों का घरों में रहना दुभर हो गया है। उधर कझिया नदी के उफान पर होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में मिट्टी से बने घरों पर खतरा मंडराने लगा है। वहीं मिल रही जानकारी के अनुसार नदी के किनारे बसे कई गांव में मिट्टी के घर दरकने लगे हैं, वही मवेशियों के आगे भी संकट उत्पन्न हो गया है। जानकारी के मुताबिक 25 सितंबर को गोड्डा में 43 मिली मीटर वर्षा जहां रिकॉर्ड की गई थी वही आज समाचार लिखे जाने तक करीब 15-20 मिली मीटर वर्षा बताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार गोड्डा समेत पूरे संथाल परगना में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


