नई दिल्ली। भारत सहित विश्व भर में नए साल 2025 के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नए साल के स्वागत के लिए पूरे देश में उत्साह दिखी। मेट्रो शहरों में नए साल को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। आम नागरिकों के साथ प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली है। जश्न के दौरान किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो और लोगों को किसी भी दिक्कत का सामना ना करना पड़े इसको लेकर खास तैयारी की गई है। मेट्रो शहरों में न्यू ईयर ईव पर कई पाबंदियां लगाई हैं, साथ ही रूटों में बदलाव किया गया है।

इसके अलावा राजधानी दिल्ली में डीएमआरसी ने मेट्रो को लेकर कुछ जरूरी दिशानिर्देश भी जारी किए हैं। जिसमें डीएमआरसी ने बताया कि रात नौ बजे के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से बाहर नहीं निकला जा सकेगा। इसके अलावा दिल्ली पुलिस की गाइडलाइन के अनुसार बिना किसी पास वाले वाहनों का प्रवेश दिल्ली के कनॉट प्लेस में रात आठ बजे के बाद नहीं हो सकेगा। इसी के साथ देश के अन्य शहरों में भी नए साल को लेकर विशेष तैयारियों की तस्वीरें सामने आने लगी हैं। सिंगापुर में नववर्ष 2025 का स्वागत करते हुए जश्न शुरू हो गया है।





