सरैयाहाट । हंसडीहा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह बाइक लूट की कोशिश का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। दुमका-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर लकड़ाटांड़ के समीप हरदिया नदी के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को रोककर बाइक छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी। गोली व्यक्ति के बाएं पैर में लगी। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल की पहचान लकड़ाटांड़ गांव निवासी शिवलाल हांसदा(55) के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब पांच बजे शिवलाल हांसदा बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और बाइक छीनने का प्रयास किया। शिवलाल ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
गोली उनके बाएं पैर में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर आने लगे। लोगों की आहट और बढ़ती भीड़ को देखते हुए दोनों बदमाश मौके से भाग निकले। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला बाइक लूट के प्रयास से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


