देवघर। रेल संपर्क को सशक्त बनाने और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए, पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के तहत देवघर और मोहनपुर स्टेशनों के बीच प्रस्तावित महेशमारा हॉल्ट स्टेशन की आधारशिला शनिवार को रखी गई। गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने आसनसोल मंडल रेल प्रबंधक चेतना नंद सिंह एवं वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति में आधारशिला पट्ट का अनावरण किया। इस अवसर पर मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शिरकत कर परियोजना का जायजा लिया। करीब 1.86 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस हॉल्ट स्टेशन के चालू होने पर दुमका और गोड्डा की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें यहाँ ठहरेंगी। इससे महेशमारा सहित बैजनाथपुर, बांधा, कुंडा, करनीबाद, बिलासी, झौंसागढ़ी, ठाढ़ी, आमगाछी, विशनपुर, बांदा और सिंगारडीह जैसे इलाकों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही माँग को पूरा करते हुए यह स्टेशन क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति देगा। स्टेशन के रणनीतिक स्थान से न केवल यात्रा सुगम होगी बल्कि माल-ढुलाई भी आसान हो सकेगी। मौजूदा रेलवे लेवल क्रॉसिंग से उत्पन्न हो रही परेशानियों में भी कमी आने की उम्मीद है। साथ ही दूरस्थ स्टेशनों पर निर्भरता घटेगी और स्थानीय स्तर पर ही रेल सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे, जिससे परियोजना के प्रति जनसमर्थन भी साफ दिखाई दिया। यह परियोजना पूर्व रेलवे द्वारा क्षेत्रीय संपर्क और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।






