रामा कान्त मालवीय/शेखर सुमन

देवघर । महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर देवघर में इस वर्ष भव्य और अलौकिक शिवबारात निकाली जाएगी, जो श्रद्धालुओं को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव कराएगी। पर्यटन विभाग के विशेष प्रयास से यह शिवबारात ऐतिहासिक और आकर्षक स्वरूप में सजेगी, जिसमें 12 ज्योतिर्लिंग की झांकियां प्रमुख आकर्षण होंगी। हर ज्योतिर्लिंग के साथ वहां के पुरोहित पूजा-अर्चना करते नजर आएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को घर बैठे 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। शिवबारात में अनोखे किरदार, सामाजिक संदेश भी देंगे इस बारात को खास बनाने के लिए धार्मिक झांकियों के साथ-साथ समाज को जागरूक करने वाले अनोखे पात्र भी शामिल किए गए हैं। मोबाइल की लत से बच्चों को बचाने के लिए मोजिला भूत” झांकी में नजर आएगा, जो यह संदेश देगा कि अत्यधिक मोबाइल का उपयोग बच्चों के भविष्य के लिए खतरा बन सकता है। कालकासुर झांकी कलयुग के प्रभाव को दिखाएगी, जिसमें उसके चारों हाथों में ऐसी चीजें होंगी, जो समाज में बढ़ती समस्याओं का प्रतीक होंगी। निशाचर खोपड़ी” नामक झांकी सत्ता संघर्ष को दर्शाएगी, जिसमें वह कुर्सी के लिए लड़ाई करता दिखेगा, जो वर्तमान राजनीति पर कटाक्ष करेगा।
भूत, पिशाच, साधु-संत और देवी-देवताओं का अद्भुत संगम

शिवबारात की भव्यता बढ़ाने के लिए 50 से अधिक देवी-देवताओं की झांकियां भी शामिल होंगी। इनके अलावा, बारात में हाथी, घोड़े, भूत, बेताल, नंदी, भृंगी, डाकिन, साधु-संन्यासी, राक्षस, चुड़ैल, पिशाच और भांगड़ा-नृत्य दल भी नजर आएंगे। ढोल-नगाड़ों की गूंज और भव्य सजावट से पूरा शहर शिवमय हो जाएगा। पर्यटन विभाग का लक्ष्य इस शिवबारात को न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से भी प्रेरणादायक बनाना है। श्रद्धालु इस अलौकिक आयोजन में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर सकेंगे। बम-बम भोले के जयकारों के साथ देवघर की सड़कों पर शिवबारात का दिव्य नजारा देखने के लिए तैयार हो जाइए।





