पूर्वी सिंहभूम । झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पर मंगलवार को काली पूजा के अवसर पर महाप्रसाद वितरण समारोह का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में किया गया। इस धार्मिक आयोजन में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन के दौरान राजनीतिक मतभेद पीछे छूट गए और सभी ने मां काली के दरबार में एक साथ प्रसाद ग्रहण कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। समारोह में जमशेदपुर के भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो, धनबाद के सांसद टुलू महतो, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू, प्रदेश संगठन मंत्री पवन शाही, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां, भाजपा नेता रमेश हांसदा, सरायकेला के महापौर संजीव सरदार, जदयू विधायक सरयू राय, झारखंड मुक्ति मोर्चा के आस्तिक महतो और लालटू महतो, कांग्रेस नेता अजय सिंह तथा कलाकार दशरथ हंसदा सहित विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि मां काली की आराधना शक्ति, साहस और सत्य की विजय का प्रतीक है। सनातन परंपरा में प्रसाद केवल भोजन नहीं, बल्कि ईश्वर की कृपा और आशीर्वाद का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने मां काली से सभी परिवारों में सुख-शांति, समाज में आपसी भाईचारे और लोगों के जीवन से संकट दूर होने की कामना की। उन्होंने छठी मईया की कृपा भी सभी पर बनी रहने की प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि अर्जुन मुंडा के आवास पर प्रत्येक वर्ष विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मां काली की पूजा-अर्चना की जाती है और महाप्रसाद का वितरण होता है। इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने मां काली और जगत जननी से देश, झारखंड, जमशेदपुर सहित पूरे समाज को सुख, शांति, समृद्धि और सद्बुद्धि प्रदान करने की कामना की। आयोजकों के अनुसार, महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।



