नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी की आत्मकथात्मक पुस्तक इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने बहुत कम संपर्क, आपातकाल के दौरान की परिस्थितियां और परिवार के भीतर मतभेदों सहित कई अहम मुद्दों पर खुलकर बात की है। किताब में सोनिया गांधी ने पीएम मोदी के राजनीतिक सफर की कुछ मौकों पर तारीफ भी की है और कई अहम पहलुओं पर आलोचना भी की है।पीएम मोदी के साथ अपने संवाद को लेकर सोनिया गांधी ने लिखा है कि आज तक भी उनका उनसे कोई वास्तविक संपर्क नहीं है। वे कभी-कभी कुछ कार्यक्रमों में मिलते हैं, जैसे स्पीकर के चैंबर में, जहां एक दूसरे को नमस्ते कहकर अभिवादन करते हैं। उन्होंने बताया कि यह पहले के समय से अलग है, जहां अलग-अलग पार्टियों के नेता एक आत्मीयता से मिलते थे।

सोनिया गांधी के अनुसार, पीएम मोदी जब भी उनके सामने आते हैं तो आंख न मिलानी पड़े, इसके लिए दूसरी ओर देखने लगते हैं। उन्होंने लिखा, वह भारत के अपने विजन के लिए लड़ रहे थे और मैं अपने। जो वर्चस्व के खिलाफ हो, ऐसा भारत जो समावेश, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के लिए खड़ा हो। उसमें कुछ भी व्यक्तिगत नहीं था। पीएम मोदी की तारीफ करते हुए सोनिया गांधी ने कहा, हमारे दौर के सत्ताधारी वर्ग को लेकर उनकी जो असहजता थी, उसे मैं भी अच्छी तरह समझने लगी थी। दिल्ली के किसी ड्राइंग रूम में राजनीतिक चर्चा के दौरान अक्सर मुझे भी असहजता महसूस होती थी। मुझे लगता था कि वहां जो राय रखी जा रही है, वह भारत की असलियत से बहुत दूर है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह निश्चित रूप से एक साधारण पृष्ठभूमि से उठकर आरएसएस में ताकतवर बने थे।किताब में सोनिया गांधी ने आपातकाल लागू करने के फैसले को एक गलती करार दिया। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि उनकी सास एवं तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी बाद में ऐसा ही महसूस हुआ था। सोनिया गांधी ने लिखा, मुझे पता है कि कई लोग इस बात पर हंसेंगे, लेकिन मेरा मानना है कि वह आपातकाल के दौरान अपनाए गए रास्ते को लेकर कभी सहज नहीं थीं। मुझे लगता है कि यह बात उन्हें भीतर ही भीतर परेशान कर रही थी।



